चाकू में पिछले करीब डेढ़ माह से जेल में बंद इस्लाम ने रविवार को देर शाम सलाखों में ही दम तोड़ दिया। इस्लाम को सांस लेने में तकलीफ थी और सात सितंबर से वह जिला जेल में अस्पताल में भर्ती था। देर शाम करीब साढ़े सात बजे उसकी हालत बिगड़ने पर आनन फानन उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
नागफनी थाना क्षेत्र में मोहल्ला दांग निवासी मोहम्मद इस्लाम (40) पुत्र अब्दुल सलाम को नागफनी पुलिस ने चाकू के पांच साल पुराने मुकदमे में गिरफ्तार करके आठ अगस्त को जेल भेजा था। तभी से वह जेल में बंद था। इस्लाम को सांस लेने में शुरू से तकलीफ थी। उसकी हालत खराब हुई तो जेल प्रशासन ने सात सितंबर को उसे जेल अस्पताल में भर्ती करा दिया।
तभी से जिला जेल के अस्पताल में इस्लाम का इलाज चल रहा था। लेकिन रविवार को देर शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक इस्लाम की तबियत ज्यादा बिगड़ गई। जिसके बाद उसे आनन फानन जेल हास्पिटल से जिला अस्पताल शिफ्ट किया गया। लेकिन अस्पताल की इमरजेंसी में डाक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
जेल प्रशासन का अनुमान है कि अचानक हार्ट अटैक आने की वजह से इस्लाम की मौत हुई। उसके परिजनों का इस बाबत जेल प्रशासन की ओर से सूचना भेज दी गई है। मामला कस्टडी डैथ का है लिहाजा नियमानुसार इसकी न्यायिक जांच होगी। सोमवार को पंचनामा भरकर इस्लाम के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।