मुरादाबाद। नया मुरादाबाद के सेक्टर-9 स्थित ईको हर्बल पार्क को दोबारा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। एमडीए ने पार्क के संचालन, रखरखाव और आयोजन प्रबंधन के लिए टेंडर निकाले हैं। टेंडर खोलने की तिथि 28 नवंबर निर्धारित है। ऐसे में दिवाली के एक माह बाद पार्क का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
पार्क को दुरुस्त करने के लिए एमडीए करीब तीन करोड़ रुपये के सुंदरीकरण कार्यों की निविदा भी जारी कर चुका है। इसके तहत टूटे झूलों की मरम्मत, सामुदायिक केंद्र का सुधार और जर्जर वॉकिंग ट्रैक को दुरुस्त करने जैसे काम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा पार्क में सजावटी खंभे और एलईडी लाइटें लगाने के लिए 1.73 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।
नया मुरादाबाद स्थित यह पार्क एक जनवरी 2026 से बंद है। एमडीए ने पुराने ठेकेदार की ओर से तय समय पर बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने के कारण उसका ठेका निरस्त कर दिया था। इसके बाद पार्क की मरम्मत और दोबारा संचालन की व्यवस्था करने की प्रक्रिया शुरू हुई। पार्क दोबारा खुलने से नया मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को घूमने, टहलने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा। एमडीए वीसी अनुभव सिंह का कहना है कि सुंदरीकरण का काम जल्द शुरू होगा। संचालन के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।