महापौर उपचुनाव में डीएम ने अनुश्रवण समिति का गठन किया है। अब नेताओं का कोई भी आडियो - वीडियो पब्लिक तक पहुंचने से पहले अफसरों के सामने से गुजरेगा। अधिकारी पूरे वीडियो - आडियो को देखने / सुनने के बाद ही ओके करेंगे। यदि आडियो - वीडियो में कुछ आपत्तिजनक हुआ तो उसे पब्लिक तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी जुहैर बिन सगीर ने बुधवार को एक अनुश्रवण कमेटी का गठन किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम वित्त हरि राम की अध्यक्षता में गठित कमेटी में एसपी सिटी, एसडीएम सदर और मनोरंजन कर आयुक्त के साथ ही सहायक निदेशक सूचना भी सदस्य होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि समिति प्रत्याशियों द्वारा टीवी चैनल और केबल टीवी या अन्य संचार माध्यमों द्वारा कराए जा रहे प्रचार पर नजर रखेगी। प्रत्याशियों द्वारा दिया गया कोई भी इंटरव्यू टीवी चैनल पर प्रसारित होने से पहले अनुश्रवण समिति के सामने रखा जाएगा।
अनुश्रवण समिति देखेगी कि इंटरव्यू में कोई आपत्तिजनक बात न हो। यदि इंटरव्यू में कोई आपत्तिजनक बात नहीं मिलती है तभी उसे प्रसारित करने की परमिशन दी जाएगी। डीएम ने साफ किया है कि कोई भी राजनीतिक दल अथवा प्रत्याशी अनुश्रवण समिति की पूर्व अनुमति के बगैर इलेक्ट्रानिक प्रचार सामग्री का इस्तेमाल नहीं करेगा।