ठाकुरद्वारा। पहले युवक ने महिला से लव मैरिज की। फिर कम दहेज देने का आरोप लगाकर उसे गर्भवती हालत में घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एक गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि जनपद बिजनौर के थाना रेहड़ के एक गांव निवासी लवकुश चौहान ने उससे पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। फिर शादी का वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी से मुकरने लगा तो उसने इसकी शिकायत अपने परिजनों से की। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से चार अक्टूबर 2025 को दोनों का विवाह हुआ। महिला के अनुसार विवाह के बाद कुछ दिन तक तो ठीक-ठाक रहा लेकिन फिर उसके ससुराल वालों ने उसे कम दहेज लाने के ताने देने शुरू कर दिए। उसका शारीरिक उत्पीड़न करने लगे। महिला का आरोप है कि तीन अप्रैल को उसके पति और ससुराल वालों ने चार माह की गर्भवती होने के बाद भी उसे धक्के देकर अपने घर से निकाल दिया। शिकायत पर पुलिस ने रविवार को आरोपी पति लवकुश, सास बीना उर्फ मीना, ससुर ऋषिपाल सिंह, जेठ दीपक और जेठानी स्वाति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।