बिलारी। मुबारकपुर गांव में युवा किसान नेता कुशल चौधरी की स्मृति में बुधवार शाम दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में दूर दराज से आए पहलवानों ने दांव दिखाकर कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
दंगल की शुरूआत आयोजकों, अतिथियों और पहलवानों द्वारा कुशल चौधरी के चित्र पर पुष्प करके की। वक्ताओं ने कहा कि कुशल चौधरी युवा किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत रहे। हजरतनगर गढ़ी निवासी अरुण कुमार ने दो पहलवानों के हाथ मिलवाकर दंगल शुरू कराया। दंगल में मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, मेरठ, हापुड़, एटा, गोरखपुर आदि जिलों से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। गुर्ज वाली कुश्ती प्रदुम्न पहलवान गोरखपुर और इमरान पहलवान रामपुर के बीच हुई। इस कुश्ती को प्रदुम्न पहलवान ने जीता। सैकेंड फाइनल कुश्ती साहिल पहलवान एटा और नीरज पहलवान गोरखपुर के बीच हुई इस कुश्ती को साहिल पहलवान एटा ने जीता।
दंगल का संयुक्त संचालन भारतीय किसान यूनियन असली के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी महक सिंह और प्रदेश अध्यक्ष युवा चौधरी ऋषभ सिंह ने किया। दंगल में रेफरी की भूमिका चौधरी राजेश खन्ना ने निभाई। दंगल के विजेताअों को भाकियू असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। हरपाल सिंह, चौधरी होशियार सिंह, ऋषिपाल सिंह यादव, महेंद्र सिंह आदि रहे।