कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों को उद्यमियों से संबंधित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए है।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र हरथला की सड़कों के निर्माण करने और इकाइयों के गेट के सामने ट्रक खड़े होने से आ रही समस्याओं के संबंध में नगर निगम एवं संबंधित विभाग को व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पंडित नगला बाईपास से देहरी गांव तक लिंक रोड को ठीक कराने व सड़क की मरम्मत करने को कहा गया।
मार्क इम्पैक्ट निकट कोहिनूर तिराहा के पास नाले के निर्माण के संबंध में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को कार्य योजना बनाकर नाला निर्माण के निर्देश दिए हैं। गांव मौरा मुस्तकम में नाली निर्माण न कराए जाने के संबंध में खंड विकास अधिकारी मुरादाबाद ने बैठक बताया कि नाले के निर्माण के लिए कार्य योजना के प्रस्तावित है।
स्वीकृति प्राप्त होते ही नाले का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 132 केवी का नया बिजली घर बन गया है। अब औद्योगिक ईकाइयों को विद्युत ठीक मिल रही है।
भोजपुर के बारू भूड़ा रोड स्थित शहीद नगर में प्रचलित लघु उद्योग के लिए बिजली की व्यवस्था के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण ने बताया कि इस लघु उद्योगों को किसी भी योजना के अंतर्गत सम्मिलत कर विद्युत कनेक्शन दे दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त उद्योग, विद्युत, पुलिस, नगर निगम समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।