सर्किट हाउस में मंगलवार को बिजली विभाग के आला अफसर बरेली और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ बिजली सुधार और चौबीस घंटे सप्लाई दिए जाने पर चर्चा कर रहे थे। जबकि लोकोशेड बिजली सब स्टेशन से जुड़े चंद्र नगर में मंगलवार को दिन पर बिजली गायब रही।
लोग पानी की एक एक बूंद को तरसते रहे। देर शाम तक जब बिजली नहीं आई तो लोग सड़क पर आ गए और उन्होंने प्रदर्शन किया। बिजली सप्लाई आने के बाद ही लोग शांत हुए। लोकोशेड बिजली घर से चंद्र नगर और पटेल नगर मोहल्लों को बिजली सप्लाई दी जाती है।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। सुबह से दोपहर और दोपहर से शाम तक बिजली नहीं आई। दिन भर लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे। इसके बाद लोग सड़क पर उतर आए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन करने वाले राम बहादुर कश्यप, संजय सक्सेना, गिरीश चंद्र और संजीव कश्यप ने बताया कि सुबह से बिजली नहीं आई है। कई बार बिजली दफ्तर को कॉल की गई। लेकिन कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला।
लोगों के हंगामा करने के बाद बिजली सप्लाई दे दी गई। तब जाकर लोग शांत हुए। लोकोशेड बिजली घर के जेई आरपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को ट्रांसफार्मर की पावर क्षमता बढ़ाने और पुरानी लाइन को बदलने का कार्य किया गया था। जिस कारण चंद्र नगर की बिजली सप्लाई बंद की गई थी। कार्य पूर्ण होने पर बिजली सप्लाई दे दी गई है।