कांठ। सड़कों में हो रहे गड्ढे अब दिन-पर-दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। कांठ में अमरोहा रोड और कांठ से छजलैट रोड में कई बड़े-बड़े होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांठ में जहां मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 432-बी के दोनों ओर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। वहीं इस रेलवे क्रॉसिंग से लेकर छजलैट तक भी सड़क में गड्ढों की भरमार है। वहीं दूसरी ओर कांठ-अमरोहा मार्ग पर थाना चौराहा के सामने स्थित रेलवे क्रॉसिंग 433-बी पर भी गड्ढे होने से यहां वाहन चालकों सहित ई-रिक्शा चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं कांठ के गांव मुख्त्यारपुर नवादा में भी कांठ-अमरोहा मार्ग में कई जगह सड़क के गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। बुधवार को इन्हीं गड्ढों के कारण स्कूटी सवार एएनएम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। नीरज बिश्नोई, राजवीर सिंह, भविष्य बिश्नोई, ओमकार सिंह, राजीव कुमार, हरदीप सिंह, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार आदि ने सड़कों के गड्ढे भरवाने की मांग की है।