मुरादाबाद। खस्ताहाल मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग की हालत जल्द ही सुधर जाएगी। सड़क के गहरे गड्ढों से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए अमर उजाला की ओर से चलाए गए अभियान के बाद एनएचएआई ने गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने कहा कि 15 अगस्त तक पूरे मार्ग के गड्ढे भर दिए जाएंगे।
उत्तराखंड को यूपी से जोड़ने वाला मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग पर कदम-कदम पर बने गहरे गड्ढों के कारण छह माह से चलना दुश्वार हो गया था। गहरे गड्ढों के कारण कई हादसे हुए, जिनमें लोगों की जान चली गई। कई बार लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग जनप्रतिनिधियों के साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों से भी की थी। डीएम ने इस मामले में हस्तक्षेप भी किया था, लेकिन एनएचएआई के अधिकारियों ने यह कहकर बात टाल दी कि बजट फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए है, पुरानी सड़क के लिए बजट नहीं मिलेगा।
लोगों की समस्या को देखते हुए अमर उजाला ने जर्जर सड़क को लेकर अभियान शुरू किया और अखबार में लगातार खबरें प्रकाशित की गईं। इसका संज्ञान लेकर मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बैठक कर सड़क की मरम्मत कराने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इसके कारण शनिवार से एनएचएआई के अभियंता शांतनु सिंह की देखरेख में ठाकुरद्वारा बस स्टैंड और भोजपुर के सिंघावली में ठेकेदार ने गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत करने का काम शुरू कर दिया। सड़क की मरम्मत के लिए पांच मशीनें लगाई गई हैं।
-
फोरलेन होगा मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग
मुरादाबाद से ठाकुरद्वारा के बीच की दूरी करीब 40 किमी है। इसमें 21 किलोमीटर लंबा फोरलेन बाईपास बनेगा। शेष मार्ग को डबल लेन से फोरलेन किया जाएगा। एनएचएआई के ठेकेदार ने बाईपास मार्ग पर मिट्टी बिछाने का काम शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए एटा जिले की कंपनी राज कॉरपोरेशन को 625 करोड़ का ठेका मिला है। यही कंपनी मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग की मरम्मत का काम कर रही है।
मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग पर गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। 15 अगस्त से पहले पूरे मार्ग के गड्ढे भर दिए जाएंगे। बरसात के बाद पैचवर्क का काम होगा। लोगों के लिए शीघ्र ही आवागमन सुलभ हो जाएगा। - अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई