कांठ। नगर के मोहल्ला पृथ्वीगंज (कब्रिस्तान गड्ढा) निवासी शबनम (40) पत्नी मौसम की मंगलवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम में उसकी मौत जहर से होने की पुष्टि हुई है। परिजनों ने शव को गमगीन माहौल में सुपुर्देखाक कर दिया है।
मूल रूप से बिजनौर के थाना स्योहारा के शाहपुर खेड़ी निवासी शबनम की शादी करीब 18 वर्ष पहले कांठ के गांव रुस्तमपुर निवासी मौसम के साथ हुई थी। पहले उसका का परिवार कांठ थाना क्षेत्र के गांव रूस्तमपुर में रहता था। अब काफी समय से मकान बना कर नगर में ही रहने लगा था। पास के ही मोहल्ला आशियाना कॉलोनी में ही शबनम के मायके वाले भी शाहपुर खेड़ी से आकर रहने लगे थे। मंगलवार की शाम शबनम की ससुराल में ही संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई थी।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और सीओ गौरव कुमार त्रिपाठी ने मुआयना किया था। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। बुधवार को हुए पोस्टमार्टम में उसकी मौत की पुष्टि जहर से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को सुपुर्देखाक कर दिया है। वह अपने पीछे एक बेटी और दो बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गई है।