संभल रोड पर आरटीओ आफिस से सटी आजाद नगर कालोनी में शुक्रवार को एक पोल्ट्री फार्म संचालक की गला रेतकर नृशंसता से हत्या कर दी गई। छत पर मुर्गी पालन के साथ ही कमीशन पर मीट का काम करने वाले पचास वर्षीय जुल्फिकार अहमद खान की रक्तरंजित लाश किराए के घर में ड्राइंग रूम में पड़ी मिली। वारदात के वक्त जुल्फिकार घर में अकेले थे। संभल के स्कूल में एकाउंटेंट बेटी और शहर के पब्लिक स्कूल में आया का काम करने वाली पत्नी घटना के वक्त स्कूल गए थे।
एसएसपी नितिन तिवारी ने मौका मुआयने के साथ घटनास्थल से फारेंसिक साक्ष्य इकट्ठा कराए हैं।
मूल रूप से मुगलपुरा में मोहल्ला लाल स्कूल में निवासी जुल्फिकार अहमद खान पिछले करीब छह माह से आजाद नगर में राहत जैदी के मकान में प्रथम तल पर पत्नी और बेटी के साथ किराए पर रहते थे। इस मकान में भूतल पर एक निर्यातक का शोरूम है। परिजनों के मुताबिक जुल्फिकार पहले कातिब का काम करते थे। लेकिन तीन साल से तबियत बेहद खराब होने की वजह के अब उनका ज्यादा वक्त घर पर ही बीतता था।
रोजी रोटी चलाने के लिए जुल्फिकार ने किराए के घर में ही छत पर कुछ मुर्गियां पाल ली थीं और वह लोगों को विभिन्न योजनाओं के तहत लोन दिलाने का भी काम करते थे। पासपोर्ट बनवाने से लेकर लोगों को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने तक का काम जुल्फिकार ने शुरू कर दिया था। जुल्फिकार की पत्नी शगुफ्ता ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब पौने नौ बजे वह स्कूल चली गई थीं। बेटी सना भी संभल स्थित अम्तुल स्कूल में एकाउंटेंट है और वह भी जॉब पर जा चुकी थी। बकौल शगुफ्ता दोपहर करीब एक बजे वह घर लौटी पति की रक्तरंजित लाश ड्राइंग रूम में फर्श पर पड़ी थी।
शगुफ्ता ने बताया कि घर में रखे 40 हजार रुपये गायब हैं। मर्डर की सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी और एएसपी सुजाता सिंह फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पत्नी की तहरीर पर मझोला पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि कातिल ने चाकू से गला रेतने के साथ ही जुल्फिकार के पेट, सीने और चेहरे पर भी चाकू से वार किए थे।