निकाय चुनाव के अंतिम चरण 29 नवंबर को मुरादाबाद में मतदान होगा। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पूरे जनपद को 18 जोन और 41 सेक्टर में बांटने के साथ ही हर बूथ पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी और सिविल पुलिस को मुस्तैद करने के साथ ही बूथों की निगरानी के लिए 12 ड्रोन कैमरे आसमां पर मंडराते नजर आएंगे। जबकि 64 बैरियर बनाकर फोर्स तैनात कर दिया गया है। बैरियरों पर वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी की जाएगी।
निकाय चुनाव में दूसरे जनपदों से ड्यूटी करने आए पुलिस कर्मियों को सोमवार सुबह से लेकर देर रात तक चुनाव सेल कार्यालय से ड्यूटी कार्ड बांटे जाते रहे। एसएसपी ने बताया कि अतिसंवेदनशील केंद्रों पर 99 सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। जबकि चुनाव से एक दिन पहले अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से चेकिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान वाले दिन ड्रोन कैमरों को शहर और कस्बों में बांट दिया जाएगा।
03 एडिशनल एसपी
10 सीओ
30 इंस्पेक्टर
59 सब इंस्पेक्टर
300 हेड कांस्टेबल
2500 कांस्टेबल
3000 होमगार्ड
13 ड्रोन कैमरे
99 सीसीटीवी कैमरे
100 पिकेट
315 छोटे बड़े वाहन
64 बेरियर
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारियां कर ली गईं हैं। अन्य जनपदों से भी पुलिस बल मुरादाबाद पहुंच गया है। बूथों के लिए फोर्स आवंटित कर दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।
- डा. प्रीतिन्दर सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
डीएम और एसएसपी ने सोमवार को पुलिस लाइन में फोर्स को ब्रीफ किया। जिसमें उन्होंने कहा कि चुनाव निडर होकर कराएं। किसी के दबाव में आने की जरूरत नहीं है। चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी कराने के साथ ही वोटरों को सुरक्षित माहौल दें। बवालियों से सख्ती से निपटने के लिए फोर्स को खुली छूट है।
बवाली बूथ के इर्द गिर्द भी मंडराते नजर नहीं आने चाहिए। दोनों अफसरों ने अधीनस्थों को कहा कि चुनाव शांति पूर्ण संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। सभी अपनी जिम्मेदारियां समझें। उन्होंने कहा कि महिलाएं और बुजुर्ग वोटरों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सभी पुलिस कर्मी अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोन मजिस्ट्रेट का मोबाइल नंबर भी रखें। कहीं किसी तरह की गड़बड़ी व बवाल की आशंका दिखाई दे तो तुरंत इसकी जानकारी अपने सीनियर अफसर को दें।