जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने रविवार को मतगणना पर्यवेक्षकों और मतगणना सहायकों को मतगणना को पारदर्शी बनाए रखने के लिए आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा है कि यदि किसी कर्मचारी ने प्रत्याशियों से दोस्ती निभाई या कोई मदद पहुंचाने की कोशिश की तो तुरंत रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी।
गैरहाजिर कर्मचारी भी मुकदमा झेलने को तैयार रहेें। जिलाधिकारी ने मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण में डीएम ने कहा कि मतगणना कर्मियों की जरा सी चूक पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पर गलत असर डाल सकती है। इसलिए बेहद सतर्कता के साथ कार्य करना जरूरी है।
पंचायत सभागार में नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन की मतगणना के लिए मतगणना पर्यवेक्षक व मतगणना सहायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि मतगणना एक दिसंबर को सुबह आठ बजे शुरू होकर कार्य समाप्ति तक चलेगी।
नगर निगम मुरादाबाद, नगर पंचायत अगवानपुर, पाकबड़ा एवं भोजपुर धर्मपुर की मतगणना कृषि उत्पादन मंडी समिति मझोला में होगी। नगर पालिका परिषद ठाकुरद्वारा एवं नगर पंचायत ढकिया मतगणना मंडी समिति ठाकुरद्वारा में होगी। नगर पालिका बिलारी, नगर पंचायत कुंदरकी की मतगणना राम रतन इंटर कालेज बिलारी में होगी।
नगर पंचायत कांठ एवं उमरी कला की मतगणना डीएसएम इंटर कालेज कांठ में होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि महापौर एवं पार्षदों के लिए 25- 25 टेबिल लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक दो मतगणना सहायक एवं एक अतिरिक्त कर्मचारी की तैनाती की जाएगी।
मतगणना शुरू होने से लेकर समाप्ति तक वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतगणना केंद्र के 200 मीटर की परिधि में केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को मतगणना एजेंट नहीं बनाया जाएगा।