मुरादाबाद। पुलिस कोरोना काल में विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके अपने बुजुर्गों और शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों का ख्याल रखेगी। इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक रमित शर्मा ने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी किये हैं। पुलिस अधिकारी विभाग के शहीदों और पेंशनर्स के घर जाकर उनका हाल पूछने के साथ ही उनकी समस्याओं का निस्तारण भी करायेगें। पेंशनर्स को कोरोना से बचाव के लिए चिकित्सकों के माध्यम से विस्तृत जानकारी भी दी जायेगी।
मुरादाबाद परिक्षेत्र के जनपदों में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त कर्मी काफी संख्या में निवास कर रहे हैं। जनपद स्तर पर पुलिस पेंशनरों की नियमित रूप से बैठक कर उनकी सेवा संबंधी एवं अन्य समस्याओं का निराकरण किया जाता रहा है लेकिन कोरोना महामारी की वजह से पिछले कुछ समय से पेंशनर्स की बैठक नहीं हो सकी हैं। कोरोना की वजह से आने वाले कुछ और समय तक भी जनपद स्तर पर पेंशनरों की बैठक हो पाना मुश्किल है। इसके मद्देनजर मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक रमित शर्मा द्वारा पुलिस पेंशनर्स और विभाग के शहीदों के परिजनों का हाल जानने के निर्देश पुलिस कप्तानों को दिये गये है। इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक ने प्रत्येक जिले में एक एडिशनल एसपी को नोडल अधिकारी नामित करने को कहा है।
आईजी ने निर्देश दिया है कि चार से बारह अगस्त तक सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में पेंशनर्स और शहीद व अन्य कारणों से दिवंगत हुए पुलिस कर्मियों की सूची अपडेट कर ली जाये। 13 अगस्त तक सभी जनपदों को अपडेट सूची रेंज कार्यालय में देनी होगी। 16 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रत्येक जनपद में पुलिस पेंशनर्स और शहीदों व अन्य कारणों से दिवंगत हुए पुलिस कर्मियों के परिजनों से संपर्क करने का अभियान चलेगा। शहीदों के घर राजपत्रित अधिकारी जाएंगे। जबकि अन्य स्थानों पर थाना स्तर से पुलिस कर्मी जाकर हाल जानेेंगे। पुलिस पेंशनर्स और उनके आश्रितों के मेडिकल दावों का निस्तारण कराये जाने के साथ ही उनकी अन्य समस्यायें जानकर उनका भी निराकरण कराया जायेगा। इसके बाद एक से पांच सितंबर तक रेंज के सभी क्षेत्राधिकारी थाना स्तर पर इच्छुक पेंशनर्स की गोष्ठी आयोजित करेंगे। इन गोष्ठियों में चिकित्सकों के जरिये पेंशनर्स को कोविड-19 से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध करायी जायेगी। पुलिस महानिरीक्षक ने निर्देश दिया है कि पूरे अभियान और गोष्ठियों के दौरान सोशल डिस्टेंसिग और कोविड-19 से बचाव के लिए जरूरी सभी सावधानियों का गंभीरता से पालन किया जाये।