मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का 21 सितंबर को मुरादाबाद दौरा है। वह ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव रतूपुरा में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किये हैं। वह जिस रास्ते से गुजरेंगे उस पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सभा स्थल छावनी में तब्दील रहेगा।
इस कार्यक्रम केलिए बीते कई दिन से तैयारियां चल रही है।
डीआईजी से लेकर एसएसपी और एसपी (ग्रामीण) कई बार आयोजन स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर चुके हैं। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि व्यवस्था के मद्देनजर आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र को आठ जोन और 25 सेक्टर में बांटा गया है।
जोन की जिम्मेदारी सीओ और सेक्टरों की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टरों को दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पांच एसपी, एएसपी, नौ सीओ व 30 इंस्पेक्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा करीब आठ सौ पुलिसकर्मी और तीन कंपनी पीएसी की भी ड्यूटी लगाई गई है। आयोजन स्थल के आसपास ड्रोन से निगरानी की गई है।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से सभी जोन में नजर रखी जाएगी। इसके अलावा जिले भर में पुलिस हाईअलर्ट पर रहेगी। जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्र में पुलिस फोर्स की तैनात रहेगी।