गजरौला। कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहम्मदाबाद के निकट हाईवे पर बनाई गई ‘कैंची’ पर शनिवार को यातायात संभालने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली लेन में डायवर्ट कराने के दौरान पुलिसकर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी।
सावन में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए मोहम्मदाबाद गांव के पास हाईवे के डिवाइडर को हटाकर ‘कैंची’ बनाई गई है। हरिद्वार से ब्रजघाट जाने वाले कांवड़िए दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली लेन से कैंची तक पहुंचेंगे और वहां से सर्विस रोड के रास्ते आगे बढ़ेंगे। वहीं, ब्रजघाट से आने वाले कांवड़िए और उनके डीजे भी इसी लेन से गुजरेंगे।
व्यवस्था के तहत ब्रजघाट की ओर जाने वाले कांवड़ियों का जत्था निकलने तक मुरादाबाद की ओर जाने वाले कांवड़ियों को रुकना होगा। इसी दौरान दोनों दिशाओं के वाहनों को भी रोका जाएगा। कैंची से मुरादाबाद की ओर एक ही लेन पर दोनों दिशाओं का यातायात संचालित होगा। शनिवार को महिला थानाध्यक्ष प्रिया रानी और टीएसआई के नेतृत्व में पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालते रहे। कैंची पर इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान, एसआई अनिल शर्मा और कई महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि अलग-अलग शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।