बिलारी सीट के उपचुनाव में सपा ने पूरी ताकत लगा दी है। सभी मंत्री और विधायक इस विधानसभा में कैंप करने लगे हैं। वहीं निर्वाचन आयोग भी सख्त हो गया है। बुधवार को बिलारी जाने वाले विधायक और सपा नेताओं की गाड़ियां चेक कराई गईं। ठाकुरद्वारा विधायक नवाबजान के साथ चल रही सभी आठ गाड़ियों को खंगाला गया।
बिलारी सीट पर प्रचार करने के लिए मुरादाबाद, संभल और अमरोहा के सपा विधायक सुबह ही निकल पड़ते हैं। मंत्रियों ने भी डेरा डाल दिया है। जैसे जैसे सियासी ताप बढ़ रहा है उसी तरह निर्वाचन आयोग भी चौकस हो गया है। दोनों ऑब्जर्वर मुरादाबाद पहुंच गए हैं। बिलारी पहुंचने वाले सियासी लोगों पर निगाह रखी जा रही है।
बुधवार को व्यय प्रेक्षक ने कुंदरकी थाने पर खड़े होकर बिलारी जा रहीं सियासी लोगों की गाड़ियों को रोककर चेक कराया। सुबह दस बजे से ही पुलिस के साथ चेकिंग शुरू करा दी गई थी। पूरी तसल्ली के साथ गाड़ियों को खंगाला गया। इसी दौरान ठाकुरद्वारा विधायक नवाबजान भी अपने काफिले के साथ बिलारी जा रहे थे।
ऑब्जर्वर के कहने पर उनके काफिले को रोक लिया गया और सभी आठ गाड़ियों को चेक किया गया। विधायक भी अपने साथियों के साथ गाड़ी से उतरकर बाहर आ गए थे। दोपहर को भी सपा नेताओं की गाड़ियों को बिलारी से पहले बने बैरियर पर रोक लिया गया था। इनमें एक विधायक की भी गाड़ी थी।
सभी की गाड़ियों को चेक कराया गया। बैरियर पर मौजूद पुलिस वालों से यह लोग भिड़ गए। बाद में पुलिस वालों ने यह कहकर शांत किया गया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर चेकिंग कराई जा रही है। दिन भर चली चेकिंग से सियासी दलों में हड़कंप मचा रहा।