मुरादाबाद में नगर निगम का मतदान चल रहा है। सुबह तक स्थिति सामान्य थी। कहीं से किसी प्रकार की अषांति की खबरें नहीं थीं लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते जैसे-जैसे बूथों पर भीड़ बढ़ी, प्रशासनिक दावों की भी पोल खुलने लगी। दोपहर 12 बजे करीब फर्जी वोटिंग की सूचनाएं आने लगीं। आरआरके पर मतदाताओं के पहुंचने से पहले ही उनका वोट किसी ने डाल दिया था।
एक क्षे़त्र में दोबारा वोट डालने पहुंचे युवक को पुलिस ने पकड़ दिया। अभी इन मामलों को प्रशासन निपटा ही रहा था कि मुरादाबाद के अति संवेदनशील माने जाने वाले गलषहीद क्षेत्र में बनातुल कुरैश गल्र्स इंटर काॅलेज के बूथ पर फर्जी वोट पड़ने की शिकायत मिली। बूथ पर हंगामा शुरू हो गया।
सूचना प्रशासन को पहुंची तो वह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गया। यहां कांग्रेसी और सपाई आपस में भिड़ गए। क्षेत्र मुस्लिम बहुल है और दोनों ही पार्टियों से मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में हैं। एक दूसरे पर अपने पक्ष में फर्जी वोट डलवाए जाने का आरोप लगाते हुए समर्थक भिड़ गए।
हालात बेकाबु होते देख पुलिस ने भीड़ पर लाठियां फटकार कर उन्हें केंद्र के पास दूर दौड़ा दिया। मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। लेकिन बाद में भीड़ को किसी तरह तितर-बितर किया गया है। लेकिन टकराव का अंदेशा अब भी बना हुआ है। ऐसे में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मतदान कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।