मुरादाबाद। फैक्टरी कर्मचारी रंजीत की मौत के प्रकरण में परिजनों की समानांतर तफ्तीश ने मामले में पुलिस पड़ताल की पोल खोलकर रख दी है। शुरू में मामले को आत्महत्या मानकर चल रही पुलिस ने उस गन्ने के खेत के 20-25 कदम दूर तक भी पड़ताल करना मुनासिब नहीं समझा जहां से बुधवार को रंजीत के घर वालों ने मामले से जुड़ी अहम चीजें ढूंढ़ निकालीं। उन्हें घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर चार कारतूस, शव के अवशेष हड्डियां और रंजीत का बनियान मिला। घर वालों ने मामले से जुड़ी इन अहम चीजों को पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। जिसे पुलिस ने सील कर दिया है। घर वालों ने जिस तरह मामले से जुड़ी अहम चीजें खोज निकाली हैं उससे पुलिस पड़ताल पर गंभीर सवाल उठे हैं।
मंगलवार को पुलिस ने गन्ने के खेत से रंजीत का शव बरामद किया था। लेकिन यह सामान नहीं बरामद हुआ था। रंजीत के भाई चमन सिंह ने बताया कि उसके भाई की हत्या की गई है। लेकिन पुलिस पहले दिन से ही आत्महत्या की कहानी बनाने में जुटी थी। पुलिस और प्रेमिका की कहानी पर रंजीत के घर वालों को विश्वास नहीं हो रहा था। इसलिए वह बुधवार सुबह चमन सिंह अपने छोटे भाई विमल, पिता और परिवार के अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने उसी गन्ने के खेत में खोजबीन शुरू की जहां से रंजीत का शव मिला था। घटनास्थल से बीस-पच्चीस कदम की दूरी पर एक थैली रखी थी। जिसमें चार कारतूस रखे थे। इसके पास ही रंजीत का बनियान और शव के अवशेष मिले। इसकी जानकारी गांव में फैली तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर अगवानपुर चौकी से पुलिस पहुुंच गई। पुलिस ने कारतूस, बनियान और हड्डियों के अवशेष सील कर लिए।
अपर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि रंजीत के परिवार के लोगों को चार कारतूस मिले हैं। कारतूस चमकीले हैं। जबकि मंगलवार को मिला कारतूस इतना चमकीला नहीं था। शव की कुछ हड्डियां गायब थीं। पोस्टमार्टम में भी दस फीसदी हड्डियां कम बताई गई थीं। शव कई दिन तक जंगल में पड़ा रहा। संभव है कि जानवरों ने शव खा लिया था। तब ही कुछ हड्डियां इधर-उधर हो गई थीं।
फिर बदली कहानी, कड़ाई से पूछताछ में प्रेमिका ने उगला राज, बोली- मेरे पहुंचने से पहले ही रंजीत ने मार ली थी गोली
मुरादाबाद। रंजीत की प्रेमिका किसी थ्रिलर फिल्म जैसी कहानियां बना रही है। नौ दिन राज छिपाने वाली रंजीत की प्रेमिका ने चौबीस घंटे पुलिस को छकाने के बाद अब अपनी कहानी फिर बदल ली है। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कहा कि उसके पहुंचने से पहले ही रंजीत ने खुद को गोली मार ली थी। उसने पुलिस को ये भी बताया कि उसने रंजीत के मोबाइल से उसके भाई को कॉल की थी, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। तब उसने अपनी मां को कॉल की। उसने बताया कि मां बेटी के बीच करीब नौ मिनट बातचीत हुई थी। उसने बताया कि वह फोन पर रो रही थी तो उसकी मां ने कॉल जारी रखी और उसके पास पहुंच गई। इसके बाद वह अपनी मां के साथ वापस लौट आई थी। पुलिस जांच में अब तक ये भी सामने आ चुका है कि रंजीत की लाश गन्ने के खेत में पड़ी है। ये जानकारी लड़की के पिता को भी थी।
प्रेमिका समेत पांच पर हत्या का केस दर्ज
मुरादाबाद। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में नया मोड़ आने के बाद पुलिस ने रंजीत की प्रेमिका, उसके भाई, पिता, मामा और एक अन्य खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रंजीत के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस नवल मारवाहा ने बताया कि रंजीत के पिता भोपाल सिंह ने तहरीर में लिखा है कि उसके बेटे रंजीत के गांव में रहने वाली एक लड़की से प्रेम संबंध थे। जिसे लेकर लड़की के परिजन उसके बेटे से रंजिश रखते थे। चौदह जून को उसका बेटा लापता हो गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। चौदह जून को उसकी लाश गन्ने के खेत से पुलिस ने बरामद की है। पिता ने बताया कि उसके बेटे की हत्या लड़की, उसके पिता, भाई, मुंहबोला मामा और एक अन्य शुक्ला नाम के (पूरा नाम नहीं) व्यक्ति ने की है। पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस ने मां को हिरासत में लिया, घटना के बाद से मुंहबोला मामा फरार
मुरादाबाद। पुलिस ने हत्या की थ्योरी पर तफ्तीश आगे बढ़ा दी। पुलिस ने लड़की से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कबूला है कि घटनास्थल पर उसकी मां भी पहुंची थी। बुधवार दोपहर पुलिस ने लड़की की मां को हिरासत में लिया। अब पुलिस मां-बेटी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिछले सात साल से प्रेमिका के घर एक व्यक्ति रहता है। जो घटना के बाद से फरार है। उसका मोबाइल भी बंद है। बताया जा रहा है कि लड़की और उसका भाई उस व्यक्ति को मामा कहते हैं। पुलिस फरार शुक्ला की तलाश में जुटी है।
एक बार पूछताछ के बाद छोड़ दी थी लड़की
मुरादाबाद। रंजीत के गायब होने के बाद पुलिस ने प्रेमिका को चौकी बुलाकर पूछताछ की थी, लेकिन उसने कोई राज नहीं खोला था। इसके बाद उसे चौकी से ही छोड़ दिया गया था।
रामगंगा में विसर्जित किए गए अवशेष
मुरादाबाद। घटनास्थल के पास मिले शव के अवशेषों को परिवार के लोगों ने रामगंगा में विसर्जित कर दिया है।
परचून की दुकान से शुरू हुई प्रेम कहानी का गन्ने के खेत में अंत
मुरादाबाद। पुलिस पूछताछ में लड़की ने बताया कि रंजीत फैक्टरी में नौकरी करने से पहले परचून की दुकान पर बैठता था। लड़की अक्सर दुकान से सामान खरीदने जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे।
बैलेस्टिक एक्सपर्ट से पुलिस लेगी राय
मुरादाबाद। सिविल लाइंस के शेरूआ धर्मपुर निवासी रंजीत की गोली लगने से हुई मौत का मामला अभी उलझा हुआ है। पुलिस ने पहले प्रेमिका के बयानों और डायरी के आधार पर आत्महत्या की लाइन पर कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मंगलवार देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दो गोली लगने की पुष्टि हुई थी। अब पुलिस इस मामले में बैलेस्टिक एक्सपर्ट से राय लेने की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मौके से मिला तमंचा, कारतूस और सिर से बरामद हुए कारतूस के टुकडे़, फोटोग्राफी और वीडियो फुटेज फोरेंसिक लैब को भेजे जाएंगे। इस मामले में बैलेस्टिक एक्सपर्ट से राय भी ली जाएगी।