ठाकुरद्वारा। कोतवाली के गांव माधोबाला में फूलवती हत्याकांड और बॉर्डर पर उत्तराखंड के जसपुर के गांव मुरलीवाला में ओमवती हत्याकांड में पुलिस के रडार पर 800 संदिग्ध हैं। जिनकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
पांच दिन बाद भी पुलिस फूलवती के हत्यारों का पता नहीं लगा सकी है। पुलिस को घटना के दिन स्थल के आसपास 800 लोगों की मौजूदगी मिली है। जिनके बारे में पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। उनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उनकी घटनास्थल पर आने-जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरे और उनकी कॉल डिटेल निकलवा कर हत्या का खुलासा करने में लगी हुई है लेकिन पुलिस की तमाम कोशिश बुधवार को भी सफलता में नहीं बदली। जबकि उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के थाना जसपुर के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह डांगी अपनी पुलिस टीम के पुलिस कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने ठाकुरद्वारा पुलिस के साथ अब तक हुई जांच की स्थिति को और प्रगति को साझा किया।
जसपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वर्ष 2015 में बॉर्डर पर स्थित जनपद बिजनौर के थाना रेहड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पांच महिलाओं की हत्या बेवजह कर दी थी। पुलिस इस बारे में भी जांच कर रही है वही फूलवती की हत्या लूटपाट के बाद की गई थी इसलिए पुलिस की नजर गांव कमालपरी खालसा के उन नशेड़ी युवकों पर भी है जो आए दिन गांव से गुजरने वाले लोगों को नशे में मारपीट कर पैसे छीन लेते हैं। इस तरह के करीब 12 लोग पुलिस के हिरासत में है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। बुधवार को सीओ आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि घटना के खुलासे में पुलिस जुटी हुई है उम्मीद है की घटना का शीघ्र खुलासा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 800 लोग पुलिस की जांच के घेरे में है। जिनकी मौजूदगी घटना के समय सीसीटीवी कैमरे और घटनास्थल के आसपास मौजूदगी मिली है। वे उस समय अपने मोबाइल नम्बरों से बात कर रहे थे। जिनके बारे में छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड बॉर्डर पर जसपुर मार्ग पर यूपी पुलिस के सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। जबकि उत्तराखंड के जसपुर बॉर्डर पर भी वहां की पुलिस के सीसीटीवी लगे हुए हैं लेकिन यूपी बॉर्डर पर लगे कैमरे में रात में वहां से गुजरने वाले वाहनों के नंबर नहीं आते आते हैं। इसलिए उनमें नाइट विजन कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजनौर बॉर्डर पर सुरजननगर में भी सीसीटीवी कैमरे शीघ्र लगा दिए जाएंगे। सभी कैमरे ऑनलाइन हमेशा अपडेट रहेंगे और ठाकुरद्वारा मुरादाबाद पुलिस मुख्यालय पर अपनी रिपोर्ट देते रहेंगे। उल्लेखनीय की माधोबाला की फूलवती की 23 सितंबर को लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई थी। जबकि इसी स्टाइल में उत्तराखंड के थाना जसपुर के गांव मुरलीवाला निवासी ओमवती की हत्या की गई थी। दोनों प्रदेशों की पुलिस घटना को एक जैसा मान कर हत्या करने वाले गैंग तक पहुंचाने के लिए साझा अभियान चलाए हुए हैं। तमाम कोशिशें के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।