कुंदरकी। बरेली बवाल के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है ताकि शांति व्यवस्था प्रभावित न हो सके। पुलिस जांच में पता चला कि मुख्यमंत्री के फोटो को एडिट कर वायरल कर दिया गया।
मंगलवार को कुंदरकी थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज कुमार को जानकारी मिली थी कि क्षेत्र के ही जलालपुर खास गांव निवासी रिहान ने अपने मोबाइल से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है जिसमें जनता में वैमनस्य की भावनाएं फैली हैं और लोगों में आक्रोश है। आरोपी के कृत्य से लोक शांतिभंग हो सकती है। पुलिस ने आरोपी के बारे में जब जानकारी की तो पता चला कि वह इस समय गुजरात में है।
थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल का कहना है कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर कस्बा चौकी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान किया। बताते है कि गिरफ्तार युवक ने भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल की है।