मुरादाबाद। चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में मझोला पुलिस फेल साबित हो रही है। मझोला थाने के पास रेल कुंज सोसायटी में एक ही रात में चोरी की तीन बड़ी वारदातें हुईं थीं। यहां के लोग पुलिस के हर बड़े अफसर तक जा चुके। सभी ने एक ही भरोसा दिया कि जल्द खुलासा हो जाएगा। लेकिन पंद्रह दिन का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है।
मझोला थाना क्षेत्र में रेल कुंज सोसायटी में तीन घरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस 15 दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी। जिसे लेकर सोसायटी के लोगों में आक्रोश है। सोसायटी में एक सितंबर को ओमप्रकाश, मीनाक्षी मोहन और सुभाष चंद्र अरोरा के घरों से चोर नकदी जेवर समेत करीब एक करोड़ रुपये का माल बटोर कर ले गए थे। ओम प्रकाश, मीनाक्षी मोहन और सुभाष चंद्र का कहना है कि पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी गई है। सोसायटी के निवासी इस गंभीर मामले को लेकर लगातार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने डीआईजी, एसएसपी और एसपी सिटी से मिलकर इस घटना का खुलासा कराने की मांग उठाई है बावजूद इसके पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह का कहना है कि इस घटना के खुलासे के लिए मझोला थाने की पुलिस के अलावा एसओजी भी लगा दी गई है। कुछ क्लू पुलिस के हाथ लगे हैं जिसके जरिये कड़ी-से-कड़ी जोड़कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।