पाकबड़ा। सैनी वाले मोहल्ले में रविवार की सुबह एक खाली प्लॉट में प्रार्थना सभा को लेकर भाजपा नेताओं ने धर्मांतरण का आरोप लगाया। भाजपा नेता और स्थानीय लोगों के विरोध करने पर पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसको लेकर भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई है।
सैनी वाले मोहल्ले स्थित एक प्लॉट में टेंट लगाकर कुछ लोग प्रार्थना सभा कर रहे थे। इस दौरान महेश सैनी, दानवीर सैनी, दुर्गेश सैनी, मुकेश ठाकुर, अमित सैनी और भाजपा नेता अभिषेक ठाकुर मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी कि यहां प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का खेल चल रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद उनको छोड़ दिया। भाजपा नेता अभिषेक ठाकुर ने आरोप लगाया कि गरीब को पैसों का लालच देकर धर्मांतरण के उद्देश्य से इस प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। पुलिस को एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय चेतावनी देकर छोड़ दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को फोन से सूचना मिली थी। लिखित में कोई शिकायत दर्ज कराने नहीं आया। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को हिदायत दी कि वे इस तरह खुले स्थानों या प्लॉट में सभा न करें और पूजा-प्रार्थना के लिए सीधे गिरजाघर जाएं।