बिलारी थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए किशनवीर के तीनों हत्यारोपी-स्रोत पुूलिस
बिलारी। पुलिस ने मिठनपुर मौजा गांव के किशनवीर की हत्या के चार आरोपियों को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। किशनवीर अपनी पत्नी के प्रेमियों को घर आने से मना करता था तभी पत्नी ने प्रेमियों के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ मिठनपुर मौजा निवासी किशनवीर सिंह 30 जुलाई की दोपहर अपने घर से स्योंडारा की बाजार में कुछ सामान खरीदने आया था जो बाद में शाम तक वापस घर नहीं लौटा। 31 जुलाई की सुबह थाना बिलारी के ढकिया नरू गांव के जंगल में अभनपुर सड़क मार्ग के किनारे प्रेम सिंह के पानी से भरे धान के खेत में किशनवीर सिंह का शव पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशनवीर की पानी से डूबकर मौत हो जाना बताया गया था। एसएसपी ने इस मामले का खुलासा करने के लिए एसपी देहात के निर्देशन में दो पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटना का खुलासा करने के क्रम में किशनवीर की पत्नी और उसके दो करीबियों की मोबाइल की सीडीआर भी निकलवाई। सीडीआर सामने आने के बाद पुलिस और परिजन काफी हद तक घटना को अंजाम देने की वजह समझ गए थे।
मंगलवार की रात किशनवीर के भाई महेंद्र सिंह ने उसकी पत्नी पिंकी के अलावा पिंकी के दोनों प्रेमियों चमन और नितिन निवासी मनकूला थाना बिलारी तथा इन दोनों के सहयोगियों अवनेश ग्राम रम्पुरा थाना सोनकपुर और रविकांत मोहल्ला प्रेम विहार नगर बिलारी के खिलाफ हत्या करने और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में थाना बिलारी में मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज मुकदमे के आधार पर बिलारी पुलिस ने चार नामजद आरोपियों चमन और नितिन मनकूला, रविकांत प्रेम विहार कालोनी बिलारी और पिंकी मिठनपुर मौजा को बुधवार सुबह उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद चारों आरोपियों को मुरादाबाद न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना बिलारी प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि चमन और नितिन दोनों किशनवीर के दोस्त थे। किशनवीर के आए दिन घर जाने के दौरान दोनों के किशनवीर की पत्नी पिंकी से प्रेम संबंध हो गए। किशनवीर को जब इसकी जानकारी हुई तब उसने दोनों को अपने घर आने से साफ मना कर दिया। ऐसे हालात बनने पर किशनवीर की पत्नी पिंकी ने अपने दोनों प्रेमियों चमन और नितिन तथा उनके दोनों साथियों रविकांत और अवनेश के साथ मिलकर किशनवीर को जान से मारने की योजना बनाई। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि योजना के अनुसार तीस जुलाई की दोपहर बाद नितिन, चमन, रविकांत और अवनेश शराब पिलाने का बहाना करके किशनवीर को अपने साथ ले गए और अधिक शराब पिलाकर नशा हो जाने के बाद चारों ने किशनवीर को खेत में भरे पानी में डुबोकर मार डाला। इस घटना में नामजद एक आरोपी अवनेश ग्राम रम्पुरा थाना सोनकपुर अभी फरार है।