ठाकुरद्वारा। नगर के एक बिजली व्यापारी के गोदाम से लाखों की चोरी के आरोपी गिरफ्तार न होने पर बुधवार को नगर के व्यापारी सड़कों पर उतरे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित व्यापारी को धमकाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन कर सीओ आशीष प्रताप सिंह को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। सीओ ने व्यापारियों को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के तीन टीमें बनाने और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया। सीओ ने कहा कि पुलिस आरोपी तीन नौकरों को गिरफ्तार भी कर चुकी है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ठाकुरद्वारा शाखा के अध्यक्ष लईक आजाद और संगठन के संरक्षक शिवेंद्र बंधु गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने शगुन तिराहे से नारेबाजी करते हुए सीओ दफ्तर तक जुलूस निकाला। उन्होंने प्रदर्शन कर कहा कि व्यापारी ब्रह्मप्रकाश गुप्ता ने अपने गोदाम से लाखों रुपये का बिजली का सामान चोरी होने की रिपोर्ट 16 जून को दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस चोरी का सामान खरीदने वाले जनपद बिजनौर के पांच दुकानदारों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। व्यापार मंडल के अनुसार एक आरोपी शेरगढ़ निवासी ने चोरी का माल खरीदना कबूल किया और आठ लाख रुपये देने का भी आश्वासन दिया। आरोप है कि एक पार्टी के नेता ने चोरी को माल खरीदने वाले आरोपी को अपना संरक्षण देकर पीड़ित व्यापारी को पैसे देने से मना कर दिया। उन्होंने नेता पर आरोपी को बचाने के लिए पुलिस पर दबाव डालने का भी आरोप लगाया। चोरी का सामान खरीदने वाले सभी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बाजार बंद की चेतावनी दी। सीओ के आश्वासन पर व्यापारी शांत हुए। प्रदर्शन में लघु उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गौरव चौहान, सत्य प्रकाश गुप्ता, रईस अहमद, योगेश गुप्ता, परवेश गुप्ता, अंकित अरोरा, नफीस अहमद आदि मौजूद रहे।