मुरादाबाद। नगर निगम के वार्ड-36 में सूरजनगर कॉलोनी में तीन महीने पहले सीवर के लिए सड़कें खोदी गई थीं, जो अब भी यूं ही पड़ी हैं। वहीं दूसरी कॉलोनी के अंदर एक सड़क के बीच सीवर का ढक्कन कई महीने से टूटा पड़ा है, जिसमें गिरकर कुछ लोग चोटिल हो चुके हैं लेकिन ढक्कन को अभी तक नहीं बदला गया है। जिससे स्थानीय लोगों को बच्चों के सीवर में गिरने का भय लगा रहता है। इस सड़क पर अक्सर जलभराव भी हो जाता है।
महानगर के सूरज नगर में लंबे समय से जल निकासी न होने की समस्या है। यहां पर नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य तो शुरू किया गया है, जिसके लिए तीन महीने पहले से जगह जगह सड़क को खोद दिया गया है। अभी तक पाइप लाइन डालने का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य इतनी धीमी गति से चल रहा है कि लगता नहीं कि बरसात से पहले कार्य पूरा हो पाएगा। तीन महीनें से लोगों को आवागमन में तो दिक्कत होती ही है, साथ ही दुकानों के आगे बड़े बड़े गड्ढे होने के कारण दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। कॉलोनी के अंदर कुछ महीने पहले बनाई गईं सड़कें टूटने लगीं हैं। महेंद्र स्कूल व भव्य प्ले स्कूल के बीच तो एक गली ऐसी है, जहां गली की मुख्य सड़क के बीच सीवर का ढक्कन टूट गया है, बड़ा छेद हो गया है। जिसमें 15 दिन पहले ही एक व्यक्ति गिरकर घायल भी हो चुका है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से शिकायत की तो जवाब मिला कि निगम के पास अभी ढक्कन उपलब्ध नहीं है। इस गली में बरसात में जलभराव होता है, ऐसे में यहां कभी भी हादसा हो सकता है।
- कॉलोनी की अधिकतर सड़कें ऊबड़ खाबड़ हो गई हैं, कुछ महीने पहले ही दो सड़कें बनाई गईं थीं लेकिन वह भी टूटने लगीं हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
हरीश
- नालियों की सफाई नहीं हो रही है, जिसके कारण नालियों से घरेलू पानी की पर्याप्त जलनिकासी नहीं हो पाती है। नालियों में पानी ठहरा हुआ रहता है।
रूप किशोर
- नगर निगम के सफाई कर्मचारी आते तो हैं लेकिन कहीं कहीं झाड़ू मारकर चले जाते हैं, कचरा ज्यों का त्यों ही पड़ा रहता है, यही कारण है कि गलियां गंदगी से अटी हैं।
सुनील कुमार कश्यप
- इस कॉलोनी में कोई अच्छा पार्क ही नहीं है, जिसके कारण खासकर बच्चों को खेलने में काफी असुविधा होती है, महिलाएं या बुजुर्ग कहीं टहल नहीं पाते हैं।
विशाल
- मुख्य रोड पर तीन महीने से पूरी सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, काम तो चल रहा है लेकिन काफी धीमी गति से चल रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सोनू
- जब सड़क में पाइप लाइन के लिए बड़े बड़े गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं तो ग्राहक दुकानों तक कैसे पहुंचेगा, इसलिए कारोबार प्रभावित हो रहा है।
मनोज चौहान
-महेंद्र स्कूल व भव्य प्ले स्कूल के बीच सड़क काफी नीची है, हल्की बारिश में ही पूुरी सड़क पर जलभराव हो जाता है, इसकी जल निकासी की भी व्यवस्था नहीं है।
जितिन यादव
- महेंद्र स्कूल व भव्य प्ले स्कूल के मध्य वाली गली की मुख्य सड़क के बीच सीवर का ढक्कन महीनों से टूटा है, पड़ोस के एक व्यक्ति इसमें गिरकर घायल भी चुके हैं।
आनंद शर्मा
- बारिश के दौरान इस रोड पर जलभराव हो जाने के कारण सीवर का खुला ढक्कन दिखता ही नहीं है, ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अनूप शर्मा
- सीवर के टूटे ढक्कन को बदलवाने के लिए कई बार निगम को शिकायत की, हर बार अधिकारी कहते हैं कि ढक्कन उपलब्ध नहीं है, यह कोई इतना बड़ा काम तो नहीं है।
नीरज शर्मा
- नगर निगम की ओर से प्राथमिकता के आधार पर सभी वार्डो पर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, सफाई भी कराई जा रही है लेकिन यदि किसी विशेष स्थान पर कोई दिक्कत है तो निगम को बताएं, समाधान कराया जाएगा। अजीत कुमार, अपर नगर आयुक्त