मुरादाबाद। नागफनी थाने की पुलिस ने अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी इमरान के घर हुई डकैती के मामले में रविवार को अमरोहा जिले के गजरौला क्षेत्र में रहने वाले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी नदीम, सतेंद्र उर्फ बिट्टू और आदित्य के कब्जे से एक-एक तमंचा और लूटे गए 23 लाख पांच हजार रुपये बरामद किए है।
डकैती कांड की मास्टर माइंड कारोबारी की बेटी अरीबा के साथ उसके प्रेमी अरशद वारसी समेत पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी इमरान पत्नी सीमा, दो बेटी और दो बेटों के साथ रहते हैं। कारोबारी की बेटी की मदद से 11 मई की देर रात घर में डकैती डाली गई थी। बदमाश घर से एक करोड़ 20 लाख रुपये नगद, छह तोला सोना लूट कर भाग निकले।
इस मामले में पुलिस कारोबारी की बड़ी बेटी अरीबा, उसके अमरोहा के गौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव मकदूमपुर निवासी प्रेमी अरशद वारसी, मझोला के मनोहरपुर निवासी उसके दोस्त कुलदीप, रवि और निक्की समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 47 लाख 24 हजार रुपये बरामद हुए थे। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पुलिस ने ग्रोथ सेंटर से रविवार की दोपहर घटना में शामिल अमरोहा जिले के गजरौला थाना के गांव पपसरा खादर निवासी नदीम, तिगरिया भूड़ निवासी सतेंद्र उर्फ बिट्टू और आदित्य को एक-एक तमंचे के साथ धर दबोचा।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटे गए 23 लाख 5 हजार रुपये, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल सेट बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि तीनों निक्की के माध्यम से अरशद वारसी से मिले थे। अरशद वारसी ने ही डकैती की साजिश रची थी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा दिया गया। अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।