जौहर विवि में शत्रु संपत्ति की तारबंदी के लिए पिलर लगने शुरू
हाईकोर्ट से सशर्त जमानत आदेश पर राजस्व प्रशासन की टीम कर रही कार्रवाई
रामपुर। राजस्व प्रशासन की टीम बृहस्पतिवार सुबह को एक बार फिर जौहर विवि में शत्रु संपत्ति पर कब्जा लेने व तारबंदी करने के लिए पहुंच गई। यह कार्रवाई सपा नेता आजम खां को शत्रु संपत्ति मामले में हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत के आदेश पर की जा रही है। बुधवार को भी टीम पूरे दिन विवि में रही और शत्रु संपत्ति की जमीन का चिह्नांकन किया गया। बृहस्पतिवार से तारबंदी के लिए पिलर बनाने का शुरू कराया गया।
प्रयागराज हाईकोर्ट ने शत्रु संपत्ति के मामले में एक सप्ताह पहले रामपुर शहर से सपा विधायक आजम खां की जमानत मंजूर करते हुए आदेश दिए थे कि शत्रु संपत्ति पर जिलाधिकारी कब्जा ले लें। जिसके बाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने उपजिलाधिकारी सदर मनीष मीणा को कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को उपजिलाधिकारी मनीष मीणा अपने साथ तहसीलदार सदर प्रमोद कुमार और लेखपालों की टीम को लेकर जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। यूनिवर्सिटी परिसर में 250 बीघा जमीन शत्रु संपत्ति के रूप में चिह्नित कर उसपर कब्जा ले लिया। बृहस्पतिवार को भी तहसीलदार सदर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम पहुंच गई। पूरी जमीन की चारों तरफ की लंबाई करीब चार किलोमीटर है। इस जमीन की तारबंदी करने में 4052 मीटर तार लगेगा और करीब चार सौ पिलर लगेंगे। इसके लिए पिलर बनाने का काम शुरू हो गया है। पिलर लगने के बाद तारबंदी का काम शुरू करा दिया जाएगा। टीम के अनुसार आदेश के मुताबिक कार्रवाई पूरी होने तक काम जारी रहेगा।