मुरादाबाद। मुरादाबाद से पार्सल ट्रेन में लोड होने वाली बाइकों में से एक में पेट्रोल पाया गया। इस गलती पर मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक बृजबाला और पार्सल क्लर्क सुनीता सक्सैना को निलंबित किया गया है। गुरुवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम तरुण प्रकाश ने पार्सल पर्यवेक्षक की इस बड़ी गलती को पकड़ लिया और संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्रवाई को निर्देश दिए।
दरअसल शताब्दी एक्सप्रेस में आग की घटना के बाद रेलवे प्रशासन बेहद सतर्क है। इसे लेकर तरह तरह से लोगों में जागरूकता फैलाई जा रही है और ट्रेनों में चेकिंग भी की जा रही है। इसी अभियान के तहत रेलवे स्टेशन पर एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन गुरुवार को किया गया। डीआरएम समेत सीनियर डीसीएम (फ्रेट) मोनू लूथरा व अन्य अधिकारी नुक्कड़ नाटक का मंचन देखने और स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। आसाम जा रही पार्सल ट्रेन में लोड किए जाने वाले माल को अधिकारियों ने चेक किया। उनमें कुछ बाइकें भी थीं जिनमें से पेट्रोल की गंध आ रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से यह बेहद संवेदनशील मामला था। डीआरएम ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बाइकों की टंकी खुलवाकर देखी तो एक बाइक में पेट्रोल पाया गया। इस गंभीर चूक पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों को फटकारा और तत्काल दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीनियर डीसीएम (फ्रेट) मोनू लूथरा ने मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक बृजबाला और पार्सल क्लर्क सुनीता सक्सैना को निलंबित किया गया है। एक ओर रेलवे ट्रेनों में धूम्रपान करने वाले लोगों से जुर्माना वसूल रहा है दूसरी ओर विभागीय कर्मचारी ही लापरवाही कर रहे हैं। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से यह बड़ी गलती है। दोनों महिला कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई है।