प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में केसरिया रंग के साथ सिर पर हरी टोपी भी नजर आई। साथ ही पर्र्दानशीं भी दिखीं। हरी टोपी लगाकर नया मुरादाबाद में आयोजित जनसभा में दूरदराज से मुस्लिम पहुंचे। उनके साथ महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह दस बजे पहुंचे ये लोग मोदी का भाषण समाप्त होने तक सभा स्थल पर डटे रहे। करीब पौन घंटे तक चले प्रधानमंत्री के भाषण को गंभीरता से सुना। जनहित के बातों पर तालियां बजाकर समर्थन भी दिया। इनसे बात की गई तो बोले कि प्रधानमंत्री जनता के हित की बात करते हैं। नोटबंदी का फैसला बिल्कुल ठीक है। थोड़ी बहुत परेशानी जरूर हैं, लेकिन हर दुख के बाद खुशी आती है।
पहली बार मिला सुनने का मौका
दलपतपुर के ग्राम ककरघाट से आए अशरफ अली का कहना है कि पहली बार प्रधानमंत्री को सुनने का मौका मिला। उनका भाषण सुनकर अच्छा लगा। गरीबों और मजलूमों की बात की। अमीरों की खिलाफ बोला। नोटबंदी का फैसला सही है।
गांव से दो ट्राली से भर कर आए
रिफाकत पीएम की जनसभा में दलपतपुर के गांव ककरघाट से पहुंचे। कहा कि गांव से दो ट्राली भरकर मुस्लिम आए हैं। इसमें औरतें भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने गांवों का विकास किया है। विकास की ही बात करते हैं। इसलिए उन्हें सुनने आए हैं।
हर वर्ग की बात करते हैं पीएम
जनसभा में जाने के लिए कतार में खड़े कुंदरकी के डिंगरपुर से बाबू हुसैन कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ग की बात करते हैं। नोटबंदी का फैसला देशहित में हैं। इसका हर वर्ग समर्थन करता है। आने वाले समय में इसका फायदा नजर आएगा।
हर दुख के बाद खुशी आती है
कुंदरकी से भाषण सुनने आए मो. गुफरान कहते हैं कि नोटबंदी का फैसला सराहनी है। शुरू में नोटबंदी से कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन अब हालात सुधरने लगे है। हर दुख के बाद खुशी आती है। तब लोगों को इस फैसले का पता चलेगा।