मुरादाबाद। इस्लामनगर में स्थानीय लोग करूला नाले की गंदगी से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात में नाला उफान आने पर बूढ़ों और बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय पार्षद ने फिलहाल जलभराव वाली सड़क का निर्माण कराने की पहल की है। अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
वार्ड नंबर 11 की बस्ती के बीचोबीच करूला नाला दशकों से बह रहा है। पाॅलिथीन और अन्य प्रकार के सामान फेंकने से चोक हो गया है। इस कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाले के प्रवाह को गतिमान करने के लिए सफाई की जरूरत है। नाले के दूसरे किनारे पर सड़क काफी नीचे हो गई थी। इस कारण जल जमाव होता रहता था।
नाले की दुर्गंध से परेशान हैं लोग
वार्ड नंबर 11 के दुकानदार फरमान का कहना है कि नाले के करीब रहने के कारण दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की तरफ से नाले की सफाई करने के लिए कोई नहीं आता है।
मच्छरों का बढ़ गया आतंक
स्थानीय अनवर का कहना है कि गंदगी की वजह से यहां मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। कई्र मकानों से सटे हुए करूला नाला बह रहा है। तीन मंजिला मकान के ऊपर और नीचे मच्छर बढ़ गए हैं। कभी कभी नगर निगम के कर्मचारी फागिंग करने के लिए आते हैं।
बरसात के पानी से बचाव कार्य जरूरी
मोहम्मद शमीम का कहना है कि वर्तमान समय में करूला नाले की वजह से मच्छर बढ़ रहे हैं लेकिन बरसात के दिनों में पानी उफान आने पर लोग बच्चों को कंधे पर बैठाकर निकलते हैं। बरसात में पानी से पूरा इलाका घिर जाता है। इस मामले में जिले के अधिकारियों को बरसात के पानी से बचाव की पहल करनी चाहिए।
जलभराव से बचाव के सड़क का होगा निर्माण
इस्लामनगर निवासी तसव्वुर का कहना है कि नाले के बगल में जलभराव हो रहा था। वर्तमान समय में पार्षद की पैरवी से सड़क निर्माण के लिए मिट्टी डाली गई है। संभावना है कि शीघ्र सड़क का निर्माण हो गया है। इस वजह से नाले के एक तरफ रहने वालों को राहत मिलेगी।
नाले की सफाई जरूरी
वार्ड नंबर निवासी यासर का कहना है कि रोड का निर्माण हो रहा है लेकिन इससे पूरे इलाके के लोगों की परेशानी दूर नहीं होगी। जलभराव और गंदगी से राहत देने के लिए नगर निगम को नाले की सफाई करना होगा।
नालियां चोक हो गईं
स्थानीय मो. अब्बास का कहना है कि क्षेत्र की नालियां सफाई नहीं होने के कारण चोक हो गई है। नगर निगम के कर्मचारियों को नालियों की सफाई करना जरूरी है। फॉगिंग रोज होनी चाहिए।
फागिंग की व्यवस्था जरूरी
इस्लामनगर निवासी अजहर का कहना है कि मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग होनी चाहिए। नाले की गंदगी के वजह से कई लोग बीमार पड़ जाते हैं। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग रोज होनी चाहिए।