ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद हाईवे 734 को फोरलेन बनाया जा रहा है लेकिन गांव असलेमपुर के सामने काफी समय बाद भी नाले का निर्माण नहीं किया गया है। वहीं गांव में आने जाने के लिए हाईवे पर सर्विस रोड भी नहीं बनाई गई है। परेशान ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए इसकी शिकायत डीएम और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है।
गांव के पूर्व प्रधान अली जान ने बताया कि सर्विस रोड नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। गांव जाने वाले रास्त पर दीवार बना दी गई है। वहीं गांव की आबादी के पास नाला बनाने के लिए काफी समय पहले खुदाई की गई थी लेकिन वहां पर अब तालाब जैसी स्थिति हो गई है। वहां पर पानी भरा हुआ है। इसमें आए दिन ग्रामीण गिरते रहते हैं। कई बार तो मवेशी भी गिर चुके हैं। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम और सीएम को शिकायत पत्र भेज कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस संबंध में सड़क निर्माण एजेंसी आरसीएल कंपनी के इंजीनियर कृष्ण कुमार का कहना है कि सड़क निर्माण में नाला और सर्विस रोड बनना शामिल है लेकिन बड़ा काम होने के कारण इसमें देरी हो रही है। उनका कहना है कि एक महीने के अंदर करीब 500 मीटर नाले का निर्माण कर दिया जाएगा। सर्विस रोड का भी निर्माण होगा। ज्ञापन देने वालों में पूर्व प्रधान अली जान, सुलेमान साकिब, रेशमा, मोहम्मद फुरकान, नाजिम, नसरुद्दीन, अशरफ अली, सचिन कुमार आदि शामिल हैं।