मुरादाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह के गागन तिराहा स्थित अस्पताल में आए मरीजों से 32 लाख की ठगी की गई। इस मामले में मैनेजर की शिकायत पर कटघर पुलिस ने आयुष्मान मित्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि कर्मचारी ने पूछताछ करने पर मैनेजर को जान से मारने की धमकी दी और तीन लाख रुपये रंगदारी मांगी है।
गागन तिराहा पर जिला पंचायत अध्यक्ष का डॉ. लाल सिंह मेमोरियल मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल है। अस्पताल के मैनेजर मैनाठेर नूरपुर निवासी मुनेश चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब डेढ़ साल से मझोला के सूर्यनगर निवासी मुकेश राय अस्पताल में आयुष्मान मित्र के पद पर तैनात हैं।
उनका काम अस्पताल में इलाज कराने और ऑपरेशन कराने वाले आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के दस्तावेजों की जांच और संबंधित विवरण आयुष्मान पोर्टल पर अपलोड करना था। बीते तीन माह से कई मरीजों ने शिकायत कि मुकेश राय आयुष्मान के दस्तावेज अपलोड करने के एवज में 10 से 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। जांच में सामने आया कि मुकेश ने मरीजों के राशन कार्ड और आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर उनसे अवैध लाभ कमाया है।
उसने कई मरीजों से नकद वसूली भी की है। आयुष्मान कार्ड धारक 300 मरीजों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है। आरोप है कि उसने मरीजों से धोखाधड़ी कर करीब 32 लाख रुपये की अवैध कमाई की है। मैनेजर ने बताया कि 26 जुलाई को आजादनगर निवासी मरीज शाहिद अली के ऑपरेशन के बाद उसके परिजनों से 10 हजार रुपये की मांग की।
पूछताछ करने पर मुकेश राय ने मैनेजर के साथ गाली गलौज की। आयुष्मान पोर्टल का पासवर्ड और मरीजों के दस्तावेज मांगने पर आरोपी ने तीन लाख रुपये रंगदारी की मांग की। उसने मैनेजर के साथ अस्पताल के मालिक को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश राय के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस बारे में सीओ आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस जांच कर इस मामले में कार्रवाई करेगी।