मुरादाबाद के रोडवेज बस स्टेशन पूछताछ काउंटर पर परेशान यात्री।
मुरादाबाद। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर बिजली गुल होने से सभी काम ठप पड़ गए। पीआरएस काउंटर पर टिकट बनाने की प्रक्रिया भी रुक गई। शाम चार बजे से साढ़े चार बजे के बीच यह समस्या हुई। इस दौरान टिकट काउंटरों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरक्षण काउंटर के साथ साथ स्टेशन के तृतीय प्रवेश द्वार की ओर बने अनारक्षित काउंटर पर भी 100 मीटर लंबी लाइन लग गई।
शाम पांच बजे लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर में जाने वाले यात्री अनारक्षित टिकट काउंटर पर टिकट लेने के लिए जल्दबाजी कर रहे थे। बुकिंग क्लर्क ने लाइट नहीं आने की समस्या से अवगत कराया, तो कुछ लोग ट्रेन छूटने के डर से बिना टिकट लिए ही प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ गए।
हालांकि पांच बजे से पहले बिजली सप्लाई सुचारु हो गई। इसके बाद टिकट काउंटरों पर काम शुरू हो गया। कामर्शियल इंस्पेक्टर जेके ठाकुर ने बताया कि विद्युत सप्लाई किसी तकनीकी खामी के कारण बाधित थी। रेलवे के विद्युत विभाग ने आधे घंटे में फाल्ट को दूर किया और सप्लाई सुचारु की।