मुरादाबाद। अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश मेश्राम के निरीक्षण में गोशाला में भूसा और चारा खरीद में अनियमितता पकड़ी गई। अधिक दाम पर भूसा और हरा चारा खरीदने पर अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर डीएम ने पंचायत सचिव स्वाति सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही जांच कमेटी बनाकर पंचायत सचिव से अधिक भुगतान की वसूली की जाएगी। वहीं बीडीओ के खिलाफ चेतावनी जारी किया गया है।
अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश मेश्राम ने बुधवार को मूंढापांडे ब्लाॅक की दो गोशालाओं का निरीक्षण किया। यहां डीएम ने अप्रैल में भूसा खरीद का अधिकतम मूल्य 800 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया था। सभी बीडीओ को इस दर पर या इससे कम दर पर भूसा खरीदने के लिए निर्देशित किया गया था। निरीक्षण में ग्राम प्रधान और पंचायत सेक्रेटरी द्वारा गोवर्धनपुर गोशाला में 1250 रुपये की दर से भूसा खरीदना पाया गया। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि यह वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन की बर्बादी है। गोशाला में पशु आहार की जगह सस्ता चोकर खिलाया जा रहा था। हरे चारे की खरीद भी महंगी दरों पर की जा रही थी।
स्थानीय किसानों से न्यूनतम दरों पर चारा अनुबंध के निर्देश दिए गए। अपर मुख्य सचिव ने डीएम को फोन पर पंचायत सचिव स्वाति सिंह को निलंबित करने और बीडीओ को कड़ी चेतावनी जारी करने को कहा। साथ ही उच्च स्तरीय जांच कमेटी बना कर अधिक भुगतान की वसूली पंचायत सचिव से करने के निर्देश दिए गए।
वहीं एक्का पांडे भोजपुर गोशाला निरीक्षण में परिसर में कीचड़ पसरा मिला। जिसपर उन्होंने बीडीओ प्रेम सिंह और सचिव को फटकार लगाई। डीएम को फोन करके बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
हरे चारे की आपूर्ति के लिए स्थानीय किसानों से अनुबंध के आधार पर चारा प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इस दाैरान पशु पालन अपार निदेशक डॉ. जगदीश प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दत्त प्रजापति, बीडीओ प्रेम सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार आदि माैजूद रहे।
00
- ग्राम पंचायत सचिव स्वाति सिंह को निलंबित कर दिया गया है। अधिक भुगतान की पंचायत सचिव से वसूली की जाएगी। बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पत्र जारी किया गया है। - डाॅ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम