मुरादाबाद। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विद्युत विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को लाइनपार स्थित चेयरमैन हाउस, रामलीला ग्राउंड में मेगा कैंप लगाया गया। कैंप में पहुंची 97 शिकायतों में से 80 का निस्तारण कर दिया गया। शेष 17 प्रकरणों को विभागीय अभिलेखों का मिलान करने के बाद आगामी दो दिनों में निस्तारित करने का आश्वासन दिया गया।
विद्युत विभाग की ओर से आयोजित इस मेगा कैंप में नगरीय क्षेत्र के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंताओं के साथ बिल लिपिक भी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतों को सुनकर कैंप में ही निस्तारण किया। कैंप में कुल 97 शिकायतें अधिकारियों के सामने आईं। इनमें से 80 शिकायतों का मौके पर समाधान हुआ, जबकि 17 प्रकरणों के निस्तारण के लिए विभागीय अभिलेखों का मिलान करना आवश्यक है। ऐसे मामलों को लंबित रखते हुए अगले दो दिनों में उनका समाधान सुनिश्चित करने की बात कही। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिलिंग और कनेक्शन संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करना रहा। संवाद