कमिश्नर का आदेश था कि 15 मई से मंडल में किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के तेल नहीं मिलेगा। लेकिन यह आदेश लागू नहीं हो सका। मंडलायुक्त के हुक्म को पंप वालों ने तवज्जो नहीं दी। शहर के सभी पंपों पर धड़ल्ले से बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहनों में तेल भरा जा रहा है। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने 12 मई को कानून व्यवस्था की बैठक में मंडल के सभी पुलिस प्रशासनिक अफसरों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए थे।
मंडलायुक्त ने आदेश दिया था कि 15 मई से किसी भी पंप पर बिना हेलमेट के पहुंचने वाले दुपहिया वाहनों को पेट्रोल न दिया जाए। लेकिन कमिश्नर के ये आदेश तीन दिन बीतने के बाद भी लागू नहीं हो सके हैं। बिना हेलमेट आने वाले दुपहिया वाहन वालों को लौटाना तो दूर पंपों पर टोकाटाकी तक शुरू नहीं हुई है। मंगलवार को अमर उजाला ने जब हालात का जायजा मिला तो शहर के सभी पेट्रोल पंपों का हाल एक जैसा था। बिना हेलमेट के दुपहिया वाहनों में बगैर किसी रोकटोक के तेल डाला जा रहा था।