शहर में सिर्फ 9.5 फीसदी बच्चों का ही हो सका है टीकाकरण
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं, लेकिन अभिभावक अपने बच्चों का टीकाकरण करवाने में हिचक रहे हैं। स्थिति यह है कि शहर में सिर्फ 9.5 फीसदी बच्चों का ही टीकाकरण हो सका है। जिले में ठाकुरद्वारा 55.3 फीसदी टीकाकरण के साथ सबसे आगे है। अधिकारियों का कहना है कि विभिन्न माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने के बाद भी अभिभावक उदासीन हैं। जिले में अभी तक 25.6 फीसदी ही टीकाकरण हो सका है।
मुरादाबाद में 12 से 14 आयु वर्ग में टीकाकरण 16 मार्च को शुरू हुआ था। मुरादाबाद एनसीआर के नजदीक होने के कारण भी संक्रमण का डर बना हुआ है। पिछले दिनों गाजियाबाद के स्कूलों में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण के केस मिले हैं। मुरादाबाद जनपद में भी कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर आठ हो गए हैं। हालांकि स्थिति से डरने के बजाय सतर्क रहने की सबसे ज्यादा जरूरत है, क्योंकि अब बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं। उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी के अनुसार आशा-आंगनबाड़ी के अलावा स्कूलों में भी टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं। वहां पर निर्धारित लक्ष्य से 20 फीसदी ही टीकाकरण हो पा रहा है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह अभिभावकों का जागरूक न होना है। उन्हें समझना चाहिए कि बच्चों का टीकाकरण होने से वह कोरोना संक्रमण के प्रभाव से बचे रह सकते हैं।
सिर्फ 2.1 फीसदी के ही लगी है दूसरी डोज
बच्चों के दूसरी डोज लगवाने के आंकड़े और खराब हैं। अब तक पूरे जनपद में सिर्फ 2.1 फीसदी बच्चों के टीकाकरण हो सका है। इसमें से बिलारी और डिलारी ब्लॉक दूसरी डोज के मामले में माइनस में चल रहा है। बिलारी में .1 फीसदी और डिलारी में .5 फीसदी बच्चों के ही टीकाकरण हो सका है। दूसरी डोज लगवाने में मूंढापांडे 4.9 फीसदी और कांठ 4.8 फीसदी के साथ सबसे आगे है।
000
इनसेट
ब्लॉक लक्ष्य पहली डोज फीसदी दूसरी डोज फीसदी
भोजपुर 11126 3066 27.6 219 2
बिलारी 12713 3035 23.9 16 0.1
डिलारी 11322 2723 24.1 61 0.5
कांठ 11979 3393 28.3 577 4.8
कुंदरकी 15602 3666 23.5 178 1.1
मूंढापांडे 10636 5613 52.8 523 4.9
ताजपुर 10126 2755 27.2 383 3.8
ठाकुरद्वारा 10582 5849 55.3 192 1.8
मुरादाबाद शहर 37322 3532 9.5 595 1.6