मुरादाबाद। हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी खामोश लेकिन खतरनाक बीमारियों की जांच में मुरादाबाद जिला बुरी तरह पिछड़ गया है। सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक जिले में हर 100 मरीजों में सिर्फ 10 ही बीपी और शुगर की जांच करा रहे हैं। एक तरफ लोगों में जागरूकता कम है तो दूसरी ओर विभाग के प्रयास भी अधूरे हैं। हालत यह हैं कि एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान में मुरादाबाद न सिर्फ मंडल में सबसे पीछे है, बल्कि प्रदेश की रैंकिंग में भी 56वें स्थान पर पहुंच गया है।
फिजिशियन डॉ. आशीष सिंह के मुताबिक युवा वर्ग में जांच की जागरूकता कम है। ज्यादातर लोग तब जांच कराते हैं, जब चोट का घाव जल्दी नहीं भरता या चक्कर खाकर गिर जाते हैं। थोड़ा सा चलने में सांस फूल जाती है और चक्कर आने लगते हैं। किडनी और लिवर संबंधी बीमारियां हो जाती हैं। कम उम्र में आंखे कमजोर होने के बाद लोग जांच कराते हैं। वहीं आंकड़ों से साफ है कि बड़ी आबादी अब भी जांच के दायरे से बाहर है और समय पर बीमारी पकड़ने का दावा जमीन पर कमजोर पड़ रहा है। अप्रैल और मई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 12.20 लाख लक्षित आबादी के मुकाबले हाइपरटेंशन की जांच 1,30,565 लोगों की हुई, जो कुल आबादी का 10.70 फीसदी है। इसी तरह डायबिटीज की जांच 1,30,332 लोगों की हुई, यानी 10.68 फीसदी। रिपोर्ट में मुरादाबाद का प्रदर्शन लाल श्रेणी में रखा गया है, जो कमजोर स्क्रीनिंग व्यवस्था की ओर इशारा करता है। चिंता की बात यह भी है कि जांच के बाद संदिग्ध मरीजों को इलाज तक पहुंचाने की रफ्तार भी बेहद धीमी है। कुल स्क्रीनिंग के मुकाबले रेफरल सिर्फ 1.01 फीसदी रहा। यानी जांच के बाद बहुत कम मरीज ऐसे मिले जिन्हें आगे इलाज या विशेषज्ञ जांच के लिए भेजा गया। जबकि बीपी और शुगर जैसी बीमारियां समय पर न पकड़ी जाएं तो दिल, किडनी, आंख और दिमाग तक को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती हैं।
मंडल के बाकी जिले मुरादाबाद से आगे रहे। बिजनौर ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। वहां 16,85,564 आबादी के मुकाबले 2,31,775 लोगों की हाईपरटेंशन और 2,31,355 लोगों की डायबिटीज जांच हुई। दोनों में प्रदर्शन करीब 13.75 और 13.73 प्रतिशत रहा। बिजनौर में 25,654 संदिग्ध मरीज रेफर किए गए, जो 11.52 प्रतिशत है। यही कारण है कि बिजनौर को राज्य में 6वीं रैंक मिली है। रामपुर ने भी बेहतर काम किया। यहां हाईपरटेंशन की स्क्रीनिंग 14.09 प्रतिशत और डायबिटीज की स्क्रीनिंग 13.73 प्रतिशत रही। जिले को 27वीं रैंक मिली। अमरोहा को 17वीं रैंक और संभल को 30वीं रैंक मिली है।
मंडल के जिलों की प्रदेश में रैंकिंग
- बिजनौर — 6वीं
- अमरोहा — 17वीं
- रामपुर — 27वीं
- संभल — 30वीं
- मुरादाबाद — 56वीं
वर्जन
जिला अस्पतालों के अलावा प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी स्क्रीनिंग बढ़ाई जा रही है। स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की जांच बढ़ाई जाए, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर इलाज शुरू कराया जा सके।
- डॉ. आशु अग्रवाल, एडी हेल्थ