मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के नवीन नगर निवासी ट्रांसपोर्टर को एमडीए के मकान और प्लाट दिलाने का झांसा देकर 29 लाख रुपये की ठगी के आरोपी बालमुकुंद मौर्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को एमडीए के अफसर और कर्मचारियों से खुद के अच्छे संबंध बताकर ट्रांसपोर्टर को झांसे में ले लिया था। बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया ने नवीन नगर निवासी ट्रांसपोर्टर हेमंत मल्होत्रा ने पांच अक्तूबर 2021 को हिमगिरी कॉलोनी निवासी बालमुकुंद मौर्य, उसके पिता रामनारायण मौर्य और तीन अन्य दीपक, प्रकाश और विनोद के खिलाफ केस दर्ज कराया था। हेमंत ने बताया था कि फरवरी 2019 में आरोपी पिता-पुत्र से उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने एमडीए के अधिकारी और कर्मचारियों से अच्छी जान पहचान और राजनीति में अच्छी पकड़ बताई थी। आरोपियों ने कहा था कि एमडीए के मकान और प्लाटों का आवंटन होने वाला है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र ने हेमंत को दीपक, प्रकाश और विनोद नाम के व्यक्तियों से मिलवाया था. जिन्हें एमडीए के कर्मचारी बताए थे। विश्वास होने पर हेमंत ने अपने नाम, अपने बहनोई अरुण मदान और अरुण मदान के दोस्त नीरज मोंगा के नाम पर तीन प्लॉटों के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि आरोपियों ने हेमंत से साढ़े 23 लाख रुपये नकद और साढ़े पांच लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कराए थे। 29 लाख रुपये लेने के बाद आरोपियों ने प्लॉट आवंटन का पत्र दिया था। हेमंत ने ये पत्र एमडीए कार्यालय में जाकर चेक कराया, तो वह फर्जी निकला था। रकम मांगने पर आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर को उनके दफ्तर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी नेे बताया कि इस मामले में बुधवार को आरोपी बालमुकुंद मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया है।