मुरादाबाद। वाहन के रजिस्ट्रेशन के लिए अब आपको आरटीओ कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब शो रूम से नंबर के साथ वाहन निकलेंगे। एजेंसी पर रजिस्ट्रेशन फीस कटने के साथ नंबर अलाट हो जाएगा। बाद में आरटीओ कार्यालय से अप्रूवल मिल जाएगा। वहीं, अब अस्थायी नंबर नहीं जारी होंगे। ये व्यवस्था दस दिसंबर से लागू होगी।
एजेंसी से नई गाड़ी खरीदने के बाद वाहन स्वामियों को रजिस्ट्रेशन के लिए परिवहन विभाग के कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। वाहन का नंबर आरटीओ कार्यालय से जारी होता था। इसमें देरी भी होती थी। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। परिवहन विभाग का दावा है कि अब एजेंसी से ही वाहन के नंबर जारी कर दिए जाएंगे। एजेंसी पर रजिस्ट्रेशन फीस कटने के साथ ही वाहन के नंबर अलाट कर दिए जाएंगे। बाद में विभाग की ओर से अप्रूवल मिल जाएगा। वाहन स्वामी चाहे तो नंबर के साथ अपनी कार या बाइक शो रूम से ला सकते हैं। एआटीओ प्रशासन छवि सिंह ने बताया कि दस दिसंबर से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कुछ बदलाव होने वाले हैं। इससे लोगों को सहूलियत होगी। शो रूम से ही रजिस्ट्रेशन के साथ नंबर जारी कर दिए जाएंगे।
पसंद का नंबर पहले कराएं बुक
मुरादाबाद। मनचाहा नंबर के पाने के लिए वाहन खरीदने से पहले नंबर बुक करा लें। वरना सीरीज के हिसाब को आपको नंबर जारी किया जाएगा। नंबर बुक कराने के बाद तीस दिन के अंदर वाहन खरीदना होगा। वरना बुक नंबर निरस्त हो जाएंगे।
यूपी में कहीं से वाहन खरीदें, नंबर अपने जिले का लें
मुरादाबाद। नई व्यवस्था में यूपी में कहीं से वाहन खरीदकर आप नंबर अपने जिले का ले सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड जरूरी है। आधार कार्ड जहां से बना होगा, वहीं का नंबर जारी होगा।