जुआ खेलते पकड़े गए सपा पार्षद इदरीश को कारण बताओ नोटिस
- सपा महानगर महासचिव ने 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया
- कहा, गैरकानून कार्य में संलिप्त होने से सपा की छवि धूमिल हुई
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। रामगंगा नदी किनारे साथियों के साथ जुआ खेलते पकड़े गए सपा पार्षद इदरीश को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। महानगर महासचिव कुलदीप तुरैहा ने 48 घंटे के भीतर नोटिस का जवाब मांगा है।
सिविल लाइंस पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि चक्कर की मिलक मोहल्ले के पास रामगंगा किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। दूसरे मोहल्ले के लोग भी यहां जुआ खेलने आते हैं। क्षेत्र की घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से वार्ड 70 से सपा पार्षद इदरीश निवासी मोहल्ला मुकर्रबपुर चक्कर की मिलक, उनके साथी रईस और फहीम निवासी चक्कर की मिलक को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ 13 जी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। महानगर महासचिव कुलदीप तुरैहा ने पार्षद इदरीश को कारण बताओे नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा है कि इदरीश की संलिप्ता गैरकानूनी कार्य में होने कारण पार्टी की छवि धूमिल हुई है। पूर्व में भी इस प्रकार केआरोप लग चुके हैं। उन्होंने बताया कि इदरीश से 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।