मुरादाबाद देहात विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराने वाले नासिर कुरैशी करीब 58.49 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक है, लेकिन उनकी पत्नी जकिया परवीन का न तो बैंक खाता है और न ही पैनकार्ड। लेकिन इसके बाद भी जकिया 15 तोला आभूषण की मालकिन हैं। जिसकी कीमत करीब 6.71 लाख रुपये है।
नकदी की बात करें तो करोड़पति नासिर कुरैशी के पास कुल 75 हजार रुपये हैं। पत्नी जकिया 45 हजार रुपये, बेटे मोहम्मद जैद के पास 15 हजार रुपये तो बेटी नेहा परवीन के पास कुल पांच हजार रुपये नकद हैं। असलहे के नाम पर नासिर कुरैशी के एक रिवाल्वर है जिसकी कीमत 1.20 लाख रुपये है।
नासिर कुरैशी के पास असालतपुरा में अपने पैतृक आवास के अलावा शहर के कई स्थानों पर मकान व प्लाट तो है ही इसके अलावा अहाता किदारा चैमेलीयान दिल्ली में 1.12 करोड़ रुपये का फ्लैट, तिलक नगर लखनऊ में 2.22 करोड़ रुपये का फ्लैट, भवाली उत्तराखंड में 19.50 लाख रुपये का प्लाट, है। इसके अलावा मोहम्मदपुर बस्तौर, बेगमपुर संभल समेत तीन स्थानों पर फैक्टरी समेत अन्य संपत्तियां है।
नासिर कुरैशी वर्ष 2017 में जब वह कांठ विधानसभा सीट से बसपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े थे तो उनके पास 38.82 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। इस तरह पिछले करीब पांच सालों में उनकी संपत्ति में करीब 19.67 करोड़ रुपये बढ़ गई है। यह हाल तब है जब 2017 की अपेक्षा उनकी अचल संपत्ति में कोई खास इजाफा नहीं हुआ है।