मुरादाबाद। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की मुरादाबाद इकाई के चुनाव के लिए नामांकन शुक्रवार को पूरा हो हया। सचिव पद को छोड़कर अन्य सभी पदों के लिए सिर्फ एक-एक चिकित्सक ने ही नामांकन किया है। सचिव पद पर बिलारी सीएचसी के प्रभारी डॉ. राजपाल और सीपीएच में तैनात डॉ. शशि कुमार ने आवेदन किया है। जबकि अध्यक्ष पद के लिए डॉ. अरुण तोमर अकेले दावेदार हैं।
डॉ. अरुण तोमर निवर्तमान कार्यकारिणी के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. राहुल चौधरी ने अकेले नामांकन किया है। संपादक पद पर डॉ. वसीम खान ने नामांकन किया है। उपाध्यक्ष (सामान्य) के दो पदों के लिए डॉ. मनोज यादव और डॉ. नवल किशोर ने पर्चा भरा है। उपाध्यक्ष (महिला) के पद के लिए डॉ. सुजाता गौतम ने नामांकन किया है। इसके अलावा केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य के पद भी अकेले डॉ. अशरफ दावेदार हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि 31 जुलाई और एक अगस्त की तारीख नामांकन वापसी के लिए तय की गई है। यदि सचिव पद से भी कोई एक नाम वापस हो जाता है तो सभी पदों पर सात अगस्त को निर्विरोध निर्वाचन होगा। अन्यथा चुनाव होगा और उसी दिन परिणाम की घोषणा की जाएगी।