पहली अप्रैल से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सफर मंहगा हो जाएगा। सभी छह प्लाजा पर टोल बढ़ा दिया गया है। टोल में पांच से दस रुपये तक का इजाफा किया गया है। वाहनों के मासिक पास का भी किराया बढ़ाया गया है।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे बरेली से गाजियाबाद तक फोरलेन है। इस दायरे में छह जगह टोल की वसूली हो रही है। बरेली में ठिरिया खेतल, मुरादाबाद में नियामतपुर इकरोटिया, जोया, ब्रजघाट और डासना पर टोल लिया जाता है।
अगर इन छह प्वाइंट पर होने वाली वसूली को जोड़ लिया जाए तो रकम तीन सौ से ऊपर बैठती है। हालांकि इस बार जो हाईवे अथारिटी ने रेट लिस्ट जारी की है उसमें कोई बहुत इजाफा नहीं हुआ है। पांच से दस रुपये तक की वृद्धि की गई है। हल्के वाहनों पर अधिकतम पांच रुपये ही बढ़ाए गए हैं।
कामर्शियल वाहनों पर भी हर फेरे के लिए दस रुपये तक की भी वृद्धि हुई है। परियोजना निदेशक एमके अग्रवाल ने बताया कि पहली अप्रैल से नई रेट लिस्ट के आधार पर ही टोल की वसूली की जाएगी।