मुरादाबाद। जन शिकायतों के निस्तारण में देरी को लेकर संयुक्त विकास आयुक्त ने मंडल के 13 अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि बार-बार पत्र भेजे जाने के बावजूद विभिन्न विभागों में शिकायतें लंबित हैं। इनमें सफाई व्यवस्था, अधिकारियों की जांच, सरकारी धन के दुरुपयोग, पेंशन, भुगतान, रोजगार सेवकों की अनियमितता से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं।
संयुक्त विकास आयुक्त विनय तिवारी ने जन शिकायतों की समीक्षा के बाद अधिकारियों पर सख्ती दिखाई है। इस मामले में सीडीओ मुरादाबाद कार्यालय में ओम प्रकाश शर्मा द्वारा सफाई व्यवस्था के संबंध में शिकायत, जिला कार्यक्रम अधिकारी की जांच, निलंबित सचिव स्वाति चौहान की शिकायत और शशि वर्मा की पारिवारिक पेंशन का मामला लंबित है। इसी प्रकार सीडीओ रामपुर कार्यालय में निविदा बिक्री में मनमानी की शिकायत, सीडीओ संभल के कार्यालय में पानी निकासी, लंबित भुगतान, बुकनाला के आवासों की धनराशि वसूलने के मामले का निस्तारण नहीं हुआ है।
सीडीओ अमरोहा के कार्यालय में बीडीओ रोहताश कुमार के खिलाफ जांच लंबित है। उप निदेशक उद्यान के कार्यालय में गलत वेतन दिए जाने, उप निदेशक पंचायत के कार्यालय में पराई खालसा में कोई कार्य नहीं कराने, सफाईकर्मियों के वेतन में हेराफेरी और तबादले के मामले लंबित हैं। उपनिदेशक समाज कल्याण के कार्यालय में सामूहिक विवाह की जांच और उपायुक्त श्रम एवं रोजगार कार्यालय में रोजगार सेवक की अनियमितता, अधीक्षण अभियंता के पास नलकूप लगवाने का प्रार्थनापत्र लंबित है। संयुक्त निदेशक कृषि के कार्यालय में यूरिया की कालाबाजारी और डॉ. तनवीर के तबादले का मामला है। अधीक्षण अभियंता आरईडी के पास टेंडर में पक्षपात किए जाने की शिकायत है। डीपीआरओ मुरादाबाद के कार्यालय मेें गांव डिल्ला रायपुर एवं लक्ष्मीपुर कट्टई की जांच का मामला भी लंबित है।
-
इनको भेजा गया नोटिस
संयुक्त विकास आयुक्त की तरफ से 13 अधिकारियों को नोटिस भेजा गया हैं। इनमेें सीडीओ मुरादाबाद, सीडीओ रामपुर, सीडीओ संभल, सीडीओ अमरोहा, उप निदेशक उद्यान, उप निदेशक पंचायत, उप निदेशक समाज कल्याण, उप निदेशक श्रम रोजगार, अधीक्षण अभियंता नलकूप, संयुक्त निदेशक कृषि, अधीक्षण अभियंता आरईडी और डीपीआरओ मुरादाबाद शामिल हैं।
वर्जन
मंडल की जन शिकायतों के संबंध में अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं ताकि अधिकारी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कराएं।- विनय कुमार तिवारी संयुक्त विकास आयुक्त मुरादाबाद मंडल