विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को हुई वोटिंग में नौगांवा सादात क्षेत्र मतदान प्रतिशत में न सिर्फ जिले में अव्वल है, बल्कि दूसरे चरण के नौ जिलों की 55 सीटों पर सवाधिक मतदान का रिकॉर्ड भी नौगावां के नाम है। इस चुनाव में नौगावां का मतदान प्रतिशत 74.62 रहा। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भी नौगावां सादात में 76.14 फीसदी मतदान औसत के कारण यह सीट जिले में सर्वाधिक मतदान औसत वाली सीट साबित हुई थी। अमरोहा जिले में चार विधानसभा सीटें हैं। इनमें से केवल नौगांवा सादात क्षेत्र के वोटर दो चुनावों से सर्वाधिक मतदान करते आ रहे हैं। इस क्षेत्र में 3,27,616 मतदाता हैं। इनमें से 14 फरवरी को 2,44,491 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, जो मतदान का 74.62 प्रतिशत है। सोमवार को मतदान थमने के बाद इस सीट का मत प्रतिशत 74.17 बताया गया था। मंगलवार को विस्तार से आकलन करने के बाद इसमें और इजाफा हो गया।
ईवीएम वोटिंग के आधार पर मतदान का प्रतिशत 74.17 और दिव्यांग व बुजुर्गों द्वारा किए गए पोस्टल बैलेट पेपरों के मतों जोड़कर मतदान प्रतिशत 74.62 हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी वीके त्रिपाठी का कहना है कि सर्विस मतदाताओं के पोस्टल बैलेट पेपर आ जाने के बाद मतदान का प्रतिशत और भी बढ़ सकता है।
वर्ष 2017 के सापेक्ष .36 फ़ीसदी अधिक वोटिंग करने के बाद भी जिले में धनौरा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता वोट प्रतिशत में सबसे पीछे रहे। जनपद में हसनपुर के मतदाताओं ने दूसरा और अमरोहा क्षेत्र के मतदाताओं ने तीसरा स्थान हासिल किया है।