अब चुनाव के बाद उड़ान का दिखा रहे सपना
निजी कंपनी व एएआई के अधिकारी अब चुनाव के बाद उड़ान शुरू करने का दावा कर रहे हैं। कंपनी के पास विमान न होने की बात का सभी को अंदाजा है। इसके बावजूद कोई खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। अधिकारियों के बीच चर्चा है कि चुनाव के बाद ही मुरादाबाद से हवाई सफर की सेवाएं शुरू होंगी।
फ्लाई बिग ने कनाडा से छह नए हवाई जहाज मंगाए थे लेकिन उनका क्या हुआ, यह जवाब किसी के पास नहीं है। विभागीय जानकारों का कहना है कि कंपनी को अब तक विमान नहीं मिले हैं। जबकि कंपनी के कुछ लोग यह भी दावा कर रहे हैं कि विमान हैं लेकिन डीजीसीए की ओर से लाइसेंस नहीं मिला है।
सबसे दूर स्थित शहर से सबसे बाद में शुरू होगी उड़ान
आजमगढ़, अलीगढ़, श्रावस्ती, चित्रकूट व मुरादाबाद से लखनऊ की दूरी देखी जाए तो मुरादाबाद सबसे दूर स्थित है। यहां से सड़क मार्ग से यात्रा में सात से आठ घंटे, ट्रेन से यात्रा में छह घंटे लगते हैं। विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, सरकारी व निजी क्षेत्र के कर्मचारियों का नियमित आवागमन लखनऊ के लिए रहता है।
इसके बावजूद इस केंद्र से सबसे बाद में उड़ान शुरू की जाएगी। लोगों का कहना है कि एक घंटे में लखनऊ का सफर तय करने के लिए एक साल इंतजार न करना पड़ जाए।
फ्लाइट के संबंध में फिलहाल कोई सूचना नहीं है। कब तक सेवाएं शुरू होंगी यह नहीं कहा जा सकता। एएआई व कंपनी के बीच लगातार वार्ता हो रही है। एएआई अपना सारा काम पूरा कर चुका है। कंपनी कब तक करेगी, इसके बारे में नहीं कह सकता। - श्याम सुंदर महला, एयरपोर्ट मैनेजर