मुरादाबाद। उदयपुर की घटना के बाद आया पहला जुमा शांति से बीत गया। जुमे की नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। जामा मस्जिद चौराहे समेत शहर के अन्य चौराहों पर पुलिस कर्मी अलर्ट रहे। नमाज शांति पूर्ण संपन्न होने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली।
राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल की हत्या के बाद से उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में अलर्ट जारी किया गया था। शुक्रवार सुबह से ही अधिकारियों ने जामा मस्जिद चौराहे, हरथला, अगवानपुर समेत अन्य जगहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया था। पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी भ्रमण करते रहे और अधीनस्थों से पल-पल की जानकारियां लेते रहे। सीओ कोतवाली महेश चंद्र गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, मुगलपुरा प्रभारी, महिला थाना प्रभारी दीपा जामा मस्जिद चौराहे पर फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। सीओ कटघर डॉ. अनूप कुमार सिंह, कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा इंद्रा चौक पर तैनात हरे। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी अगवानपुर में जुमे की नमाज के दौरान में मौजूद रहे। सीओ अधीनस्थों को दिशा निर्देश देते रहे।
डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि मुरादाबाद मंडल के सभी जनपदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। लोगों से अपील है कि वह सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स नहीं करें। शांति व्यवस्था कायम करने में पुलिस का सहयोग करें। अगर कोई व्यक्ति आपत्तिजनक पोस्ट करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें।