पाकबड़ा थानाक्षेत्र के हाशमपुर चौराहे पर सोमवार की रात हथियार बंद बदमाशों ने दो घरों पर धावा बोल दिया। दोनों परिवारों को बंधक बनाकर डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। जबकि एक घर में विरोध करने पर छत पर सो रहे बुजुर्ग की सरिया से पीट कर हत्या कर दी।
बदमाशों के चले जाने के बाद पीड़ित परिवारों से शोर मचाया तो वारदात की जानकारी हो पाई। खबर मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। सुबह को पुलिस अधिकारियों से मौका मुआयना किया। इसके बाद केस दर्ज कर लिया गया। बदमाशों की तलाश की जा रही है। पाकबड़ा कस्बा में हाशमपुर चौराहे के पास रहने वाले गल्ला व्यापारी अफसर हुसैन सैफी (70)सोमवार रात घर की छत पर सो रहे थे।
जबकि घर में उसकी पत्नी हसीना बेगम पोता आसिम पुत्र अशरफ हुसैन और अशरफ की पत्नी अकीला सो रही थी। रात करीब बारह बजे आधा दर्जन बदमाश मकान की पिछली दीवार से छत पर पहुंच गए। बदमाशों ने अफसर हुसैन को बंधक बना लिया और शोर मचाने पर उसके सिर में सरिया मारकर हत्या कर दी। इसके बाद बदमाश नीचे पहुंच गएऔर उन्होंने हसीना बेगम, आसिम और अकीला को तमंचा दिखाकर कमरे में बंद कर दिया। विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की।
बदमाश घर में रखे पचास हजार रुपये समेत एक लाख रुपये का सामान बटोर लिया। इसके बाद परिवारों को एक कमरें बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने माजिद हुसैन पुत्र जाहिद हुसैन के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने यहां भी पूरे परिवार को बंधक बना लिया। लेकिन माजिद का भाई राशिद हुसैन बदमाशों से खुद को छुड़ाकर घर से बाहर की ओर भागा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए। इसके बाद पुलिस को वारदात की सूचना दी।
खबर मिलने पर पुलिस मौके आ गई और बदमाशों का पीछा करने लगी। बदमाश जंगल की ओर भागने में सफल हो गए। मंगलवार सुबह अफसर हुसैन का दूसरा बेटा अरशद हुसैन जब घर पहुंचा तो उसने पूरे परिवार को बंधक मुक्त किया। इसके बाद ही पता चल पाया कि बदमाश अफसर हुसैन की हत्या करके मकान के अंदर घुसे थे। डकैती के दौरान हत्या की खबर से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। एसएसपी नितिन तिवारी, एसपी सिटी डा. राम सुरेश यादव फोरेंसिक टीम को साथ लेकर मौके पर पहुंच गये।
पुलिस को बाबरिया गिरोह पर शक
पाकबड़ा। कस्बे में घटना को अंजाम देने वाले सभी बदमाश अधेड़ थे। एक बदमाश ने नेकर और बनियान पहन रखा था और बाकी सभी पूरे कपडे़ पहने हुए थे। पुलिस आसपास सक्रिय बाबारियों की तलाश करने को निकाल गई है।
फोरेंसिक टीम ने भी लिये नमूने -पाकबड़ा। डकैती और हत्या के मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था। फोरेसिंक टीम ने घटना स्थल से नमूनों को एकत्र किया है। इससे भी पुलिस को खुलासे में मदद मिलने की उम्मीद बताई जा रही है।